Coimbatore Gutkha Smuggling: कोयंबटूर में 300 किलो प्रतिबंधित तंबाकू से भरी कार का 40 KM तक पीछा, चलती कार की छत पर सवार दिखे पुलिसकर्मी; VIDEO
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को बेंगलुरु से तमिलनाडु में प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पादों की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी. चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, तो ड्राइवर ने वाहन की गति बढ़ा दी.
Coimbatore Gutkha Smuggling: तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में पुलिस और गुटखा तस्करों के बीच एक नाटकीय और जोखिम भरा मुकाबला देखने को मिला. प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों से भरी एक कार को रोकने के प्रयास में हेड कांस्टेबल वेलमुरुगन जान जोखिम में डालकर तेज रफ्तार कार की छत पर सवार हो गए. तस्कर पुलिसकर्मी को छत पर लटकाए हुए लगभग 40 किलोमीटर तक कार दौड़ाते रहे, जिन्हें आखिरकार पुलिस टीम और एम्बुलेंस चालकों की मदद से घेराबंदी कर पकड़ा गया.
वाहन चेकिंग के दौरान भागने का प्रयास
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को बेंगलुरु से तमिलनाडु में प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पादों की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी. चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, तो ड्राइवर ने वाहन की गति बढ़ा दी.
इसी दौरान हेड कांस्टेबल वेलमुरुगन ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने कार नहीं रोकी और वेलमुरुगन खुद को बचाने के लिए वाहन की छत को मजबूती से पकड़कर उस पर लटक गए.
तंबाकू से भरी कार का 40 KM तक पीछा
कोयम्बटूर में पुलिस ने करीब 300 किलो गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों से भरी कार का लगभग 40 किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल वेलमुरुगन चलती कार की छत पर सवार होकर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश करते रहे। पुलिस ने राजस्थान के तीन लोगों को कथित तस्करी के आरोप में… pic.twitter.com/BbFU0yEmaR
— AajTak (@aajtak) September 27, 2026
हाईवे पर 40 किलोमीटर तक पीछा और घेराबंदी
तस्करों ने कार को रोकने के बजाय बेहद तेज गति से विलांकुरिची, कालपट्टी और कनियाूर टोल प्लाजा के रास्ते भगाना शुरू कर दिया. आरोपियों ने टोल प्लाजा पर FASTag के जरिए तेजी से बैरियर पार किया. रास्ते में अन्य वाहन चालकों ने हेड कांस्टेबल को कार की छत पर खतरनाक स्थिति में लटके देखा और इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया (X) पर तेजी से वायरल हो रहा है.
घटना की सूचना तुरंत तिरुपुर और पड़ोसी जिलों की पुलिस को दी गई. पुलिस गाड़ियों और एम्बुलेंस की मदद से अविनाशी के पास नाकेबंदी कर कार को चारों तरफ से घेरकर रोका गया.
राजस्थान के तीन तस्कर गिरफ्तार
कार रुकते ही पुलिस ने वाहन से लगभग 300 किलोग्राम प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पाद जब्त किए. गाड़ी में सवार तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है, जिनकी पहचान राजस्थान के निवासी के रूप में हुई है. प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे तंबाकू खेप को बेंगलुरु से कोयंबटूर में डिलीवरी के लिए ला रहे थे.
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कार को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. वहीं, अपनी जान पर खेलकर तस्करों को पकड़वाने में मदद करने वाले हेड कांस्टेबल वेलमुरुगन के साहस की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 27, 2026 03:15 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

