CJP चीफ अभिजीत दिपके की अपील, त्योहारों के दौरान आंदोलन से दूर रहें कार्यकर्ता, परिवार के साथ बिताएं समय; VIDEO
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दिपके ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि दिवाली तक किसी भी प्रकार का विरोध प्रदर्शन नहीं किया जाएगा. उन्होंने समर्थकों से त्योहारी सीजन के दौरान अपने परिवारों के साथ समय बिताने और महात्मा गांधी के शांतिपूर्ण मार्ग पर चलने का आह्वान किया है.
CJP Chief Abhijeet Dipke Appeals: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक और प्रमुख अभिजीत दिपके ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर एक बड़ा संदेश जारी करते हुए ऐलान किया है कि दिवाली तक पार्टी की ओर से कोई भी विरोध प्रदर्शन (प्रोटेस्ट) नहीं किया जाएगा. उन्होंने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस त्योहारी सीजन में अपनी राजनीतिक गतिविधियों से ब्रेक लेकर अपने परिवार और करीबियों के साथ समय बिताएं.
हाल ही में पार्टी के कुछ प्रमुख नेताओं की गिरफ्तारी और आंदोलनों के दौरान सामने आई मुश्किलों के बाद दिपके का यह बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने के साथ-साथ उनके परिजनों की भावनाओं का भी ख्याल रखा है. यह भी पढ़े: Abhijeet Dipke On Gyanesh Kumar: ‘ज्ञानेश कुमार पीएम मोदी के लिए इतने अहम क्यों हैं?’ CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने दिल्ली में सुरक्षा पाबंदियों पर उठाए सवाल (VIDEO)
अभिजीत दिपके का संदेश
कार्यकर्ताओं और परिवारों के संघर्ष का किया जिक्र
एक वीडियो संदेश के माध्यम से समर्थकों से मुखातिब होते हुए अभिजीत दिपके ने कहा कि पिछले 10-12 दिनों के दौरान आंदोलन से जुड़े लोगों और उनके परिवारों ने काफी कठिन परिस्थितियों का सामना किया है. विरोध प्रदर्शनों के दौरान कई वालंटियर्स को पुलिस कार्रवाई और हिरासत के दौरान परेशानियों से गुजरना पड़ा है, जिसका असर उनके घरों और परिवारों पर भी पड़ रहा है.
दिपके ने कहा कि चूंकि अब दीपावली का पावन पर्व नजदीक है, इसलिए कार्यकर्ताओं को कुछ दिन अपने परिवार के साथ बिताने चाहिए क्योंकि उनके परिजन लगातार चिंतित रहे हैं. उन्होंने अपने समर्थकों को 'कॉकरोच' शब्द के जरिए संबोधित करते हुए उनकी एकजुटता और जुझारूपन की सराहना की.
'सौरभ दास और आशुतोष के जेल जाने से नहीं डरेगा आंदोलन'
पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल सौरभ दास और आशुतोष की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए दिपके ने स्पष्ट किया कि वे सलाखों के पीछे हैं, लेकिन इससे आंदोलन का हौसला कमजोर नहीं होगा. उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई नफरत के खिलाफ है और वे विरोधियों की तरह नफरत का रास्ता नहीं अपनाएंगे.
दिपके ने बताया कि उन्होंने सौरभ दास और आशुतोष के परिजनों से बात की है. मुश्किल हालात के बावजूद दोनों नेताओं के परिवार मजबूत बने हुए हैं और लगातार आंदोलन का हौसला बढ़ा रहे हैं. उन्होंने कहा कि हम किसी गलत काम के लिए नहीं बल्कि सही अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं, इसलिए पीछे हटने का सवाल ही पैदा नहीं होता.
महात्मा गांधी के शांति और अहिंसा के मार्ग पर चलने का आह्वान
अपने संबोधन के अंत में CJP प्रमुख ने जोर देकर कहा कि उनका संघर्ष पूरी तरह से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण रहेगा. उन्होंने सौरभ और आशुतोष के रुख की तुलना महात्मा गांधी के सत्याग्रह से करते हुए कहा कि वे गुस्से और बदले की भावना के बजाय शांति, करुणा और अहिंसा के रास्ते पर चलेंगे.
दिपके ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपनी सबसे बड़ी ताकत यानी एक-दूसरे के प्रति प्रेम और भाईचारे को बनाए रखें तथा त्योहार के बाद पूरी ऊर्जा के साथ अपनेে वैचारिक संघर्ष को आगे बढ़ाएं.