एजेंसी न्यूज

Tiger Died By Electrocution: छत्तीसगढ़ में बाघ की करंट लगने से मौत, तार बिछाने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के गोमर्डा वन्यजीव अभयारण्य में करंट की चपेट में आने से एक बाघ की मौत के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

Tiger Died By Electrocution: छत्तीसगढ़ में बाघ की करंट लगने से मौत, तार बिछाने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार
(Photo : X)

रायपुर, 26 जनवरी: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के गोमर्डा वन्यजीव अभयारण्य में करंट की चपेट में आने से एक बाघ की मौत के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. एक वन अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक वन कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया और दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. वन अधिकारी ने कहा, ‘‘दिसंबर के दौरान अभयारण्य में एक बाघ की गतिविधि की सूचना मिली थी, जिसके बाद बाघ की निरंतर निगरानी के लिए एक विशेष बाघ संरक्षण बल (एसटीपीएफ) का गठन किया गया था. 12 जनवरी के बाद उसके पैरों के निशान नहीं देखे गए.’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक गुप्त सूचना के आधार पर 24 जनवरी को तीन लोगों को हिरासत में लिया गया था. सूचना मिली थी कि घोरघंटी गांव के पास एक बाघ की मौत हो गई है. हिरासत में लिए गए तीन लोगों ने खुलासा किया कि बाघ की मौत बिजली के एक तार के संपर्क में आने से हुई, जिसे उन्होंने जंगली भालू के शिकार के लिए बिछाया था.’’

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने बाघ को जंगल में नदी के पास दफना दिया और शुक्रवार को शव खोदकर निकाला गया. अधिकारी ने बताया कि मामले में घोरघंटी के रहने वाले सीताराम सिदार (33), रामचरण बरिहा (48), सहदेव बरिहा (35) और बंशीलाल बरिहा (63) के अलावा सालार गांव निवासी धनुराम साहू (35) को गिरफ्तार किया गया है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 26, 2024 10:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).