Chhattisgarh Road Accident: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में ट्रक-स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर, 5 की मौके पर मौत, 3 गंभीर

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के सुकली गांव के पास मंगलवार देर रात एनएच-49 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिससे हड़कंप मच गया. ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग बेहद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं.

Representational Image | ANI

जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के सुकली गांव के पास मंगलवार देर रात एनएच-49 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिससे हड़कंप मच गया. ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग बेहद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं. हादसा इतना भयानक था कि स्कॉर्पियो का आगे का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और अंदर बैठे लोगों को निकालने में भी भारी मशक्कत करनी पड़ी.

जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग नवागढ़ के शांति नगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं. सभी एक बारात से वापस नवागढ़ लौट रहे थे. जैसे ही गाड़ी सुकली के पास पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो कुछ मीटर तक घसीटती चली गई. आसपास के लोगों ने घटना की आवाज सुनते ही मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की. यह भी पढ़ें : Rohtak Shocker: रोहतक में बास्केटबॉल पोल के गिरने से नेशनल प्लेयर की मौत, प्रैक्टिस के दौरान हुआ हादसा, VIDEO आया सामने

स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा. डॉक्टरों के मुताबिक, तीनों घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है. हादसे की जांच शुरू कर दी गई है. हालांकि प्राथमिक अनुमान यही है कि तेज रफ्तार और रात का समय हादसे की बड़ी वजह हो सकते हैं. पुलिस ट्रक ड्राइवर की भूमिका और घटना के सटीक कारणों की जांच कर रही है.

हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान कर ली गई है. मृतकों के नाम विश्वनाथ देवागन, पिता सुखरु देवागन (43 वर्ष), राजेंद्र कश्यप, पिता कोमल कश्यप (27 वर्ष, पोमेश्वर जलतारे, पिता पुरुषोत्तम जलतारे (33 वर्ष), भूपेंद्र साहू, पिता रेशम साहू (40 वर्ष) और कमलनयन साहू, पिता रामचरण साहू (22 वर्ष) शामिल हैं. वहीं, अन्य तीन लोग गंभीर बताए जा रहे हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है. वहीं, यह घटना पूरे इलाके के लिए बेहद दुखद है. गांव में मातम का माहौल है, क्योंकि जिस खुशी के माहौल से लोग बारात से लौट रहे थे, उसी सफर में अचानक ऐसी त्रासदी हो गई कि कई परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल गई.

Share Now

\