छत्तीसगढ़: भिलाई इस्पात संयंत्र हादसे में चार अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित स्टील अथॉरिटी ऑफ इण्डिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई इस्पात संयंत्र में हुए हादसे में 13 कर्मचारियों की मृत्यु के बाद पुलिस ने संयंत्र के चार अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
रायपुर: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित स्टील अथॉरिटी ऑफ इण्डिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई इस्पात संयंत्र में हुए हादसे में 13 कर्मचारियों की मृत्यु के बाद पुलिस ने संयंत्र के चार अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. दुर्ग जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज भाषा को दूरभाष पर बताया कि जिले के भिलाई इस्पात संयंत्र में हुए हादसे के मामले में पुलिस ने संयंत्र के कार्यपालक निदेशक :संकार्य: पीके दास, महाप्रबंधक (कोक ओवन) जीएसवी सुब्रमण्यम, उप महाप्रबंधक उर्जा विभाग नवीन, प्रबंधक सुरक्षा एवं अग्नि विभाग पी पांड्या राजा के खिलाफ मामला दर्ज कर किया है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के कथन और उपसंचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के द्वारा दी गई प्राथमिक जांच रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजों के अवलोकन से पाया गया कि संयंत्र में सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा गया. भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारियों ने बताया कि हादसे की गंभीरता को देखते हुए इस्पात मंत्रालय ने भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य कार्यकारी (सी.ई.ओ) को काम-काज से अलग कर दिया है. उनके स्थान पर पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित इस्पात संयंत्र के सीईओ अरूण कुमार रथ की नियुक्ति की गई है. साथ ही दो वरिष्ठ अधिकारियों को निलम्बित भी किया गया है जिनमें महाप्रबंधक (सुरक्षा) और उप महाप्रबंधक (ऊर्जा) शामिल हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 13, 2018 09:12 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

