देश

उत्तर प्रदेश: बस और सवारी गाड़ी की भीषण टक्कर, 7 मरे, 35 घायल

उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में आज मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे लोगों के वाहन और बस की भीषण टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई तथा 35 से अधिक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

उत्तर प्रदेश: बस और सवारी गाड़ी की भीषण टक्कर, 7 मरे, 35 घायल
प्रतीकात्मक तस्वीर (फाइल फोटो)

रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में आज मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे लोगों के वाहन और बस की भीषण टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई तथा 35 से अधिक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रूपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता का ऐलान किया है.

पुलिस सूत्रों ने बताया कि फतेहपुर से मुंडन संस्कार करवाने के बाद देर शाम घर लौट रहे लोगों से भरे वाहन को ऊंचाहार थानाक्षेत्र के मदारीपुर गांव के पास गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार निजी बस ने टक्कर मार दी. उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि दो अन्य ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया.

मृतकों में रामरती (78), उषा (35), पार्वती (50), बंशीलाल (35), अंकित सोनकर (25), राकेश (42) तथा एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है. इस हादसे में दोनों वाहनों में सवार 35 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जाती है. उनमें से चार को ट्रामा सेन्टर लखनऊ रेफर किया गया है. बाकी का स्थानीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के परिजन को दो-दो लाख रूपये तथा गंभीर रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता का ऐलान किया है.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 14, 2018 08:30 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).