Boarding Pass Stamping Rule Changed: 1 सितंबर से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव, अब बोर्डिंग पास पर नहीं लगेगी इमिग्रेशन की मुहर
अधिकारियों के मुताबिक, भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए इमिग्रेशन एंट्री और एग्जिट स्टांपिंग खत्म करने की दिशा में भी एक पायलट प्रोजेक्ट चल रहा है. यदि यह परीक्षण सफल रहता है, तो आने वाले समय में भारतीय हवाई अड्डों पर पासपोर्ट पर एंट्री और एग्जिट की फिजिकल मुहर लगाने की व्यवस्था भी समाप्त की जा सकती है.
Boarding Pass Stamping Scrapped From September 1: विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए 1 सितंबर से बड़ा बदलाव होने जा रहा है. अब अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को इमिग्रेशन क्लीयरेंस के दौरान अपने बोर्डिंग पास पर फिजिकल स्टांप (मुहर) लगवाने की जरूरत नहीं होगी. गृह मंत्रालय (MHA) के अधीन ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (BOI) ने देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर इस मैनुअल स्टांपिंग प्रक्रिया को समाप्त करने का फैसला लिया है. अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और बोर्डिंग पास पर गलत या अपूर्ण स्टांपिंग के कारण होने वाली दिक्कतों को खत्म करने के उद्देश्य से लिया गया है.
क्यों हटाई गई बोर्डिंग पास स्टांपिंग की व्यवस्था?
ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने समीक्षा के बाद पाया कि इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर फिजिकल स्टांप लगवाने की अनिवार्यता यात्रियों के लिए असुविधाजनक थी. इसके अलावा कई मामलों में गलत या अस्पष्ट स्टांप लगने के कारण बोर्डिंग पास पढ़ने में परेशानी होती थी. इन्हीं कारणों से 1 सितंबर 2026 से सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर इस प्रक्रिया को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है.
फिजिकल बोर्डिंग पास रहेगा मान्य
नए नियम के तहत यात्री यदि चाहें तो फिजिकल (पेपर) बोर्डिंग पास का इस्तेमाल कर सकते हैं. हालांकि, इमिग्रेशन अधिकारी अब उस पर कोई स्टांप नहीं लगाएंगे. यात्रियों को इमिग्रेशन क्लीयरेंस के लिए केवल अपना बोर्डिंग पास और आवश्यक यात्रा दस्तावेज दिखाने होंगे.
CISF पहले ही बंद कर चुकी है स्टांपिंग
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने कई वर्ष पहले ही घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की सुरक्षा जांच (फ्रिस्किंग) के दौरान बोर्डिंग पास पर स्टांप लगाने की प्रक्रिया बंद कर दी थी. अब बोर्डिंग पास केवल इमिग्रेशन प्रक्रिया के दौरान दिखाना होता है और 1 सितंबर से वहां भी स्टांपिंग की आवश्यकता नहीं रहेगी.
पासपोर्ट स्टांपिंग भी जल्द हो सकती है बंद
अधिकारियों के मुताबिक, भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए इमिग्रेशन एंट्री और एग्जिट स्टांपिंग खत्म करने की दिशा में भी एक पायलट प्रोजेक्ट चल रहा है. यदि यह परीक्षण सफल रहता है, तो आने वाले समय में भारतीय हवाई अड्डों पर पासपोर्ट पर एंट्री और एग्जिट की फिजिकल मुहर लगाने की व्यवस्था भी समाप्त की जा सकती है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 22, 2026 09:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

