देश

बीजेपी नेता गिरिराज सिंह की विवादित टिप्पणी, विपक्ष को बताया ओसामावादी

गिरिराज सिंह ने ट्विटर पर लिखा, 'शुभप्रभात। माओवादी, जातिवादी, सामंतवादी और ओसामावादी सभी राष्ट्रवादी गठबंधन (NDA)के खिलाफ एकजुट हो गए हैं। लेकिन विकास की अविरल गंगा में बहते हुए NDA की नाव नियत गति से 2019 का पड़ाव अवश्य पार करेगी.

बीजेपी नेता गिरिराज सिंह की विवादित टिप्पणी, विपक्ष को बताया ओसामावादी
गिरिराजसिंह और पीएम नरेंद्र मोदी (Photo Credit-IANS)

नई दिल्ली: अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहनेवाले बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का ताजा बयान आनेवाले समय में पार्टी की मुश्किलें बढ़ सकती है. सिंह ने विपक्ष को खूंखार आतंकी ओसामा बिन लादेन से जोड़ते हुए ओसामावादी करार दिया है. गिरिराज सिंह ने सोमवार सुबह ट्वीट करते हुए एनडीए के खिलाफ विपक्षी दलों की एकजुटता पर हमला बोलते हुए कहा कि माओवादी, जातिवादी और ओसामावादी एकजुट हो गए. बता दें कि इससे पहले रविवार को BJP प्रवक्ता संबित पात्रा ने महागठबंधन की तुलना पाकिस्तान के आतंकवादी हाफिज सईद से की थी.

गिरिराज सिंह ने ट्विटर पर लिखा, 'शुभप्रभात. माओवादी, जातिवादी, सामंतवादी और ओसामावादी सभी राष्ट्रवादी गठबंधन (NDA)के खिलाफ एकजुट हो गए हैं. लेकिन विकास की अविरल गंगा में बहते हुए NDA की नाव नियत गति से 2019 का पड़ाव अवश्य पार करेगी.

गौरतलब है कि संबित पात्रा ने इससे पहले हाफिज सईद के भाषण का एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया था जिसमें वह PM नरेंद्र मोदी को रोकने की बात कर रहा है. इस वीडियो को पोस्ट करते हुए बीजेपी प्रवक्ता ने लिखा, 'इसमें कोई नई बात नहीं है कि महागठबंधन 2019 में मोदी को  PM बनने से रोकना चाहता है, ऐसे कई अन्य लोग भी हैं जो यही चाहते हैं. हाफिज सईद खुलेआम नरेंद्र मोदी का खून बहाने की बात कर रहा है.

ज्ञात हो कि 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान गिरिराज सिंह ने विवादित बयान देते हुए कहा था कि नरेंद्र मोदी का विरोध करने वाले लोगों के लिए भारत में जगह नहीं है, उन्हें PAK चले जाना चाहिए.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 04, 2018 11:19 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).