देश

Bijnor Road Accident: CM योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिजनौर के धामपुर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया. यहां शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए.

Bijnor Road Accident: CM योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की
Photo- X/@myogiadityanath

लखनऊ, 16 नवंबर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिजनौर के धामपुर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया. यहां शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए. मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है. मुख्यमंत्री योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए.

बिजनौर में धामपुर के देहरादून नैनीताल नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार द्वारा थ्री व्हीलर को पीछे से टक्कर मारने के कारण यह भीषण हादसा हुआ. हादसे में थ्री व्हीलर के चालक सहित सात लोगों की मौत हो गई. हादसे में 6 मृतक एक ही परिवार के थे और झारखंड में शादी कर वापस अपने गांव तिबड़ी आ रहे थे. यह भी पढ़ें : झांसी अग्निकांड: मेडिकल कॉलेज में माचिस की तीली से लगी आग, एक्सपायर था फायर सिलेंडर, 10 बच्चों की मौत पर मचा हंगामा

ये लोग ट्रेन से मुरादाबाद आए और फिर एक थ्री व्हीलर कर अर्धरात्रि के बाद गांव जा रहे थे. जब वह धामपुर नगीना मार्ग पर फायर स्टेशन के पास पहुंचे तो पीछे से क्रेटा कार ने टक्कर मार दी. इन सभी 6 लोगों की उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. परिवार के 6 लोगों के अलावा थ्री व्हीलर चालक को भी इलाज के लिए बिजनौर ले जाते हुए मौत हो गई. हादसे में घायल क्रेटा सवार शेरकोट निवासी सोहेल अल्वी व अमन को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है.

बिजनौर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने बताया कि थाना धामपुर क्षेत्र में एक क्रेटा गाड़ी और ऑटो के बीच में टक्कर हो गई. क्रेटा गाड़ी किसी वाहन को ओवरटेक करते हुए दूसरी लेन में आ गई और इस तेज रफ्तार कार ने पीछे से ऑटो को टक्कर मार दी. ऑटो में सात व्यक्ति सवार थे. जिसमें 6 लोगों की तत्काल मौत हो गई है. जबकि ऑटो चालक की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हुई है. सभी मृतक धामपुर के रहने वाले हैं. शवों को पंचनामा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. क्रेटा चालक के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया है और वाहन को भी जब्त कर दिया गया है.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 16, 2024 10:50 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).