Bihar: कैमूर में फांसी के फंदे पर लटका मिला युवक, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
कैमूर जिले के हाटा वाटर प्लांट पर काम करने वाले एक युवक की फांसी लगाने से मौत हो गई. युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है.
कैमूर (बिहार) 19 अप्रैल : कैमूर जिले के हाटा वाटर प्लांट पर काम करने वाले एक युवक की फांसी लगाने से मौत हो गई. युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. मृतक की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के हाटा वार्ड छह निवासी अवनीश कुमार पुत्र डॉ. संतोष कुमार बिंद के रूप में हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
भभुआ सदर अस्पताल पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे मृतक के भाई मनीष कुमार ने बताया कि मेरा भाई हाटा वाटर प्लांट पर काम करता था. उसने कहा कि गुरुवार रात 11:30 बजे तक मैं भी वहां था, उसी दौरान अवनीश गाड़ी से आया और प्लांट के अंदर चला गया. इसके बाद वह घर आ गया. मनीष ने बताया कि शुक्रवार सुबह प्लांट के संचालक बब्लू कश्यप ने सूचना दी कि आपके भाई ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. उसके बाद वे लोग वहां पहुंचे, तो शव फंदे पर लटका था. संचालक ने रस्सी को कटवाकर शव को नीचे उतार दिया. यह भी पढ़ें : ओटीटी मंचों पर प्रतिबंध के लिए याचिका: न्यायालय ने याचिकाकर्ता से सरकार के पास जाने को कहा
मनीष ने बताया कि उसके भाई के गले पर कटे का निशान है. इसे देखकर ऐसा लगता है कि हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया. उसने बताया कि अवनीश का शव जहां फंदे पर लटका था, वह स्थान बहुत ऊंचा था. वहां तक पहुंचना मुश्किल था. इसे देखकर लगता है कि उसकी हत्या की गई है. मृतक के परिजनों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 19, 2024 03:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

