नोटबंदी के वक्त BJP MLC ने लिए 5 करोड़, नहीं लौटाया तो नक्सलियों ने चाचा को मारी गोली
नक्सलियों ने एमएलसी पर नोटबंदी के दौरान दिए गए पांच करोड़ रुपये और लेवी (जबरन पैसा वसूली) के दो करोड़ रुपये नहीं लौटाने का आरोप लगाया है
बिहार (Bihar) के नक्सल प्रभावित औरंगाबाद (Aurangabad) जिले के देव थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने शनिवार की रात जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान सशस्त्र नक्सलियों ने कम से कम छह वाहनों को फूंक दिया और एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके साथ नक्सलियों ने एक सामुदायिक भवन को भी विस्फोट कर उड़ा दिया. मारे गए शख्स बीजेपी विधान पार्षद ( BJP MLC) राजन सिंह के चाचा नरेंद्र सिंह थे. घटनास्थल पर मिले पर्चे के मुताबिक, नक्सलियों ने एमएलसी पर नोटबंदी के दौरान दिए गए पांच करोड़ रुपये और लेवी (जबरन पैसा वसूली) के दो करोड़ रुपये नहीं लौटाने का आरोप लगाया है.
घटना के बाद घटनास्थल से बरामद पर्चे में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने घटना को अंजाम देने की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि संगठन ने एमएलसी को नोटबंदी के समय पांच करोड़ रुपये दिए थे, जो अब तक नहीं लौटाए गए हैं. पर्चे में लेवी के दो करोड़ रुपये भी नहीं देने का आरोप नक्सली संगठन ने एमएलसी पर लगाए हैं. यह भी पढ़ें- वाइब्रेंट गुजरात पर राहुल गांधी ने ट्विटर पर उठाया सवाल, भिड़ गए गुजरात के सीएम विजय रूपाणी
इधर, इस पर्चे के सामने आने के बाद सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नक्सली उनके खिलाफ दुष्प्रचार करने में लगे हैं. उन्होंने साथ ही बताया कि नक्सली हमले की आशंका को लेकर वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्य के पुलिस महानिदेशक से भी सुरक्षा की गुहार लगा लगा चुके हैं.
औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक डॉ़ सत्यप्रकाश ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ पुलिस की कई टीमें बनाकर छापेमारी अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने दावा किया जल्द ही नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
एजेंसी इनपुट
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 31, 2018 01:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

