Bihar: बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर ने सीएम नीतीश कुमार से की खुले में नमाज पढ़ने पर रोक लगाने की मांग
हरियाणा में खुले में नमाज पढ़ने को लेकर जारी विवाद के बीच बिहार के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक हरिभूषण ठाकुर बचैल ने शनिवार को बिहार में भी खुले में नमाज पढ़ने पर रोक लगाने की मांग की है.
पटना: हरियाणा में खुले में नमाज पढ़ने को लेकर जारी विवाद के बीच बिहार के भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक हरिभूषण ठाकुर बचैल (Hari Bhushan Thakur (Bachol) ने शनिवार को बिहार में भी खुले में नमाज पढ़ने पर रोक लगाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि बिहार में भी खुले में नमाज पढ़ने पर रोक लगनी चाहिए. अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि बिहार में भी खुले में नमाज पढ़ने पर रोक लगनी चाहिए. उन्होंने कहा कि वे इसकी पहल करेंगे.
उन्होंने कहा, जिस तरह हरियाणा की सरकार ने खुले में नमाज पर रोक लगाई है, बिहार में भी वैसा होना चाहिए. खुले में और सड़कों पर नमाज पढ़ने पर रोक लगनी चाहिए। शुक्रवार को सड़कों को जाम कर देना, सड़क पर नमाज पढ़ना, ये कैसी पूजा पद्धति है. अगर आस्था की बात है घर में या मस्जिद में नमाज पढ़ें। आखिर मस्जिद क्यों है. यह भी पढ़े: हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने कहा, खुले में नमाज पढ़ने की प्रथा को ‘‘बर्दाश्त नहीं’’ किया जाएगा
ऐसा करने से सौहार्द बिगड़ेगा के सवाल पर उन्होंने कहा, अब अगर ऐसा नहीं किया तो सौहार्द बिगड़ेगा. 75 साल पहले धर्म के नाम पर भारत का विभाजन हुआ. लेकिन, मुद्दा आज भी वहीं के वहीं है. उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मामले पर क्या करेंगे ये वो ही जानें, लेकिन दुनिया ये काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जो किया है, उसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं. उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि वंदे मातरम में फल, हवा, हरियाली की वंदना है, लेकिन ये नहीं गाएंगे। यह कौन सी मानसिकता है.इसे समय रहते नहीं रोका गया तो देश को बड़ी हानि होगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 11, 2021 06:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

