Bihar में दिल दहला देने वाली वारदात, ट्रेन से जबरन उतार कर युवती से गैंगरेप, फिर मौत के घाट उतारा
बिहार के औरंगाबाद से दिल दहला देने वाली एक वारदात सामने आई है. जहां एक युवती को कुछ दरिंदों ने ट्रेन से जबरन उतारकर हवस का शिकार बनाया और फिर उसकी हत्या कर दी. इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर बताये जा रहे है. वहीं अपनी लाडली को खो चुके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है.
पटना: बिहार (Bihar) के औरंगाबाद (Aurangabad) से दिल दहला देने वाली एक वारदात सामने आई है. जहां एक युवती को कुछ दरिंदों ने ट्रेन से जबरन उतारकर हवस का शिकार बनाया और फिर उसकी हत्या कर दी. इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर बताये जा रहे है. वहीं अपनी लाडली को खो चुके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है. फ़िलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है और आरोपियों को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है. Maharashtra: मुबई आ रही पुष्पक एक्सप्रेस में युवती से सामूहिक बलात्कार, चार पक़ड़े गए
मिली जानकारी के मुताबिक, औरंगाबाद जिले के फेसर थाना क्षेत्र के एक गांव से लापता युवती का शव शुक्रवार की रात रफीगंज थाना क्षेत्र से बरामद किया गया है. शव बरामद होने की खबर के बाद शनिवार को ग्रामीणों ने सदर अस्पताल में जमकर हंगामा किया. परिजनों का आरोप है कि युवती के साथ दुष्कर्म के बाद पहचान छिपाने की नियत से हत्याकर शव को फेंक दिया गया है.
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मृतका जीविका मित्र के पद पर काम करती थी. पुलिस ने बताया कि 25 वर्षीय युवती (मृतका) 18 नवंबर को अपनी जेठानी एवं ननद के साथ बघोई स्टेशन से ट्रेन पर सवार होकर रफीगंज बाजार गई थी. बाजार से लौटते समय उसकी ननद रफीगंज स्टेशन पर छूट गई. तब वह फिर एक अन्य ट्रेन पर सवार होकर अपनी ननंद को लेने रफीगंज के लिए रवाना हुई. इसके बाद इसका कोई पता नहीं चला.
ख़बरों की मानें तो जब पीड़िता अपनी ननंद को लेने जा रही थी तो कुछ मनचले उसे ट्रेन में अकेला देखकर छेड़छाड़ करने लगे. बाद में जाखिम एवं देव रोड स्टेशन के बीच ट्रेन को वैक्यूम कर रोक दिया और जबरन युवती को ट्रेन से उतारकर सुनसान जगह ले गए. फिर पीड़िता से गैंगरेप किया और पकड़े जाने डर से उसे मार डाला.
उधर, 18 नवंबर की रात तक युवती के घर नहीं लौटने के बाद परिजनों द्वारा इसकी खोजबीन प्रारंभ की गई, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चल पाया. 19 नवंबर को इसकी सूचना फेसर थाना को दी गई. पुलिस अभी युवती की खोज में जुटी ही हुई थी कि रफीगंज के गरबा गांव के सुनसान इलाके में एक महिला का शव बरामद किया. बाद में इसकी पहचान लापता युवती के तौर पर की गई. आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या गला दबाकर की गई है.
शनिवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल ले आई. शव मिलने की सूचना पर आक्रोशित ग्रामीण अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर सदर अस्पताल पहुंच गए और जमकर हंगामा करने लगे. बाद में पुलिस ने समझा बुझाकर लोगों को शांत किया. परिजनों का आरोप है कि युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को फेंक दिया गया है.
रफीगंज के थाना प्रभारी रमेश सिंह ने आईएएनएस को शनिवार को बताया कि मृतका के भाई के बयान पर रफीगंज थाना में हत्या की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जिसमें अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. उन्होंने बताया कि दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी. पुलिस पूरे मामले की सभी कोणों से जांच कर रही है. (एजेंसी इनपुट के साथ)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 20, 2021 05:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

