भीलवाड़ा: चेहरे पर 'PM मोदी' का मुखौटा लगाकर आए चोर, मोबाइल दुकान से लाखों के स्मार्टफोन साफ; वीडियो वायरल

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के करेड़ा कस्बे में एक अनोखी चोरी का मामला सामने आया है. यहां एक चोर अपनी पहचान छिपाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहनकर मोबाइल की दुकान में घुसा और करीब 40 स्मार्टफोन चुरा ले गया.

PM नरेंद्र मोदी का मास्क पहने चोर ने 40 स्मार्टफ़ोन चुराए (Photo Credits: X/@Sachingupta)

भीलवाड़ा: राजस्थान (Rajasthan) के भीलवाड़ा जिले (Bhilwara District) से चोरी की एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है. करेड़ा कस्बे में चोरों के एक गिरोह ने मोबाइल फोन की दुकान को निशाना बनाया, जिसमें सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि एक संदिग्ध ने अपनी पहचान छिपाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ( Prime Minister Narendra Modi) का मुखौटा (मास्क) पहन रखा था. सोमवार, 29 जून 2026 की आधी रात को हुई इस वारदात में चोरों ने दुकान से लगभग 35 से 40 महंगे स्मार्टफोन साफ कर दिए, जिनकी कीमत 4 से 5 लाख रुपये के बीच आंकी जा रही है. यह भी पढ़ें: Rajasthan Shocker: श्रीगंगानगर में मानवता शर्मसार, 13 साल की मासूम को बंधक बनाकर 5 दिनों में 30 से अधिक लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म

सुबह दुकान खोलने पर हुआ खुलासा

इस चोरी का पता मंगलवार, 30 जून की सुबह तब चला जब दुकान के मालिक लक्ष्मण सेन ने रोज की तरह अपनी दुकान 'मातेश्वरी मोबाइल्स' खोली. दुकान के भीतर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. दुकान के भीतर सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था और नामी कंपनियों के महंगे मोबाइल्स के डिब्बे खाली जमीन पर पड़े थे. छानबीन करने पर पता चला कि चोर छत की सीढ़ियों के गेट का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए थे. दुकानदार ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी.

सीसीटीवी में कैद हुआ 'मुखौटाधारी चोर'

घटना की जानकारी मिलते ही करेड़ा थाना अधिकारी पूरणमल मीणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जब पुलिस ने दुकान और उसके आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया, तो वे भी दंग रह गए. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि लाल रंग की जैकेट पहने एक चोर ने अपने चेहरे पर हूबहू पीएम नरेंद्र मोदी का मुखौटा लगा रखा है और वह बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम दे रहा है.

PM नरेंद्र मोदी का मास्क पहने चोर ने 40 स्मार्टफ़ोन चुराए

एक अन्य दुकान में भी चोरी का प्रयास

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इसी गिरोह ने उसी रात करेड़ा कस्बे के ही 'बीज गोदाम चौराहा' स्थित 'सांवरिया मोबाइल' नामक एक दूसरी दुकान का भी शटर तोड़ने का प्रयास किया था. उस दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी वही मुखौटाधारी शख्स हाथ में कटर/लोहे की रॉड लेकर शटर का ताला तोड़ने की नाकाम कोशिश करता हुआ दिखाई दे रहा है.

करेड़ा थाना पुलिस ने पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों (जैसे मोबाइल लोकेशन डेटा) के आधार पर चोरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं. मामले की जांच शुरुआती चरण में है और जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा.

Share Now