Bhartrihari Mahtab joins BJP: ओडिशा में BJD को बड़ा झटका, भाजपा में शामिल हुए भर्तृहरि महताब
ओडिशा की सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) को बड़ा झटका देते हुए हाल ही में पार्टी छोड़ने वाले लोकसभा सांसद भर्तृहरि महताब ने गुरुवार को भाजपा का दामन थाम लिया.
नई दिल्ली, 28 मार्च : ओडिशा की सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) को बड़ा झटका देते हुए हाल ही में पार्टी छोड़ने वाले लोकसभा सांसद भर्तृहरि महताब ने गुरुवार को भाजपा का दामन थाम लिया. उनके साथ ही राज्य के पूर्व सांसद सिद्धांत महापात्रा और पद्मश्री अवार्डी डॉ. दमयंती बेसरा भी भगवा पार्टी में शामिल हो गईं.
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा, ओडिशा प्रदेश प्रभारी विजयपाल सिंह तोमर और ओडिशा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल की मौजूदगी में भर्तृहरि महताब, सिद्धांत महापात्रा और डॉ. दमयंती बेसरा ने यहां पार्टी मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. यह भी पढ़ें : केवल कांग्रेस, खासकर राहुल गांधी जम्मू कश्मीर की पीड़ा को समझ सकते हैं: महबूबा मुफ्ती
विनोद तावड़े ने तीनों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि ओडिशा में राजनीतिक माहौल बदला है. ओड़िया जनता जिस बदलाव को देखना चाहती है वह अब साकार होगा और पार्टी इनकी क्षमता का पूरा सदुपयोग करेगी.
भाजपा में शामिल होने के बाद भर्तृहरि महताब ने कहा कि कभी -कभी जीवन में कुछ फैसला लेना जरूरी हो जाता है और पार्टी में शामिल करने के लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभारी है. उन्होंने कहा कि ओडिशा में बदलाव होने जा रहा है और यह परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के कारण होने जा रहा है.
डॉ. बेसरा ने भी भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि ओडिशा में बदलाव की हवा बह रही है और पार्टी उन्हें जो भी दायित्व देगी, उसे पूरा करने के लिए वह भरपूर प्रयास करेंगी. सिद्धांत महापात्रा ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की बात कहते हुए ओडिशा में बदलाव होने का दावा किया.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 28, 2024 04:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

