BEST Bus Strike Update: मुंबई में बेस्ट बस सेवाएं फिर शुरू, डिप्टी सीएम शिंदे के आश्वासन बाद कर्मचारियों ने खत्म की हड़ताल
मुंबई में तीन दिनों से जारी बेस्ट (BEST) बस कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई है. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के साथ हुई बैठक के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल वापस ले ली है, जिससे मुंबईकरों को बड़ी राहत मिली है.
BEST Bus Strike Update: मुंबई में पिछले तीन दिनों से जारी बेस्ट (BEST) बस कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार देर रात समाप्त हो गई. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के साथ हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद कर्मचारी संगठनों ने अपनी हड़ताल वापस लेने का फैसला किया. इसके बाद सोमवार सुबह से शहर में बेस्ट बसों का परिचालन दोबारा शुरू हो गया है, जिससे लाखों यात्रियों ने राहत की सांस ली है. सुबह की बारिश के बीच बसें एक बार फिर सड़कों पर दौड़ती नजर आईं, हालांकि शुरुआती घंटों में कुछ रूटों पर सेवाएं पूरी तरह सामान्य होने में थोड़ा समय लगा.
सह्याद्रि गेस्ट हाउस में बनी सहमति
यह हड़ताल पिछले शुक्रवार से चल रही थी, जिसने मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया था. रविवार रात को मुंबई के सह्याद्रि गेस्ट हाउस में राज्य सरकार के प्रतिनिधियों और 'बेस्ट संयुक्त कामगार कृति समिति' के पदाधिकारियों के बीच मैराथन बैठक हुई. लगभग दो घंटे तक चली इस सकारात्मक चर्चा के बाद दोनों पक्ष गतिरोध को खत्म करने पर सहमत हुए. आंदोलन समाप्त होने की घोषणा के बाद सोमवार तड़के से बसें धीरे-धीरे अपने डिपो से बाहर आने लगीं. यह भी पढ़े: Mumbai BEST Bus Strike: मुंबई में थमे बेस्ट बसों के पहिए, धारावी डिपो बना आंदोलन का मुख्य केंद्र; इन इलाकों के यात्री सबसे ज्यादा परेशान
वेतन वृद्धि और ग्रेच्युटी भुगतान पर फैसला
राज्य सरकार ने बेस्ट कर्मचारियों की कई प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद यह समझौता मुमकिन हो सका. इस समझौते के तहत नियमित और स्थायी कर्मचारियों के वेतन में 3,000 रुपये प्रति माह की अंतरिम वृद्धि की जाएगी. वहीं दूसरी ओर, वेट-लीज (अनुबंध) पर काम करने वाले कर्मचारियों के मासिक वेतन में 2,000 रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी.
इसके अलावा, सरकार ने चालू वित्त वर्ष के बजट से कर्मचारियों के लंबित ग्रेच्युटी भुगतान को जारी करने की मंजूरी दे दी है. साथ ही बस डिपो और टर्मिनलों पर कर्मचारियों के लिए कैंटीन और वॉशरुम जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार करने का भी पूरा भरोसा दिया है.
सचिन अहीर ने की काम पर लौटने की अपील
बैठक के बाद यूनियन-सरकार के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे शिवसेना (यूबीटी) नेता सचिन अहीर ने हड़ताल वापस लेने की आधिकारिक घोषणा की. उन्होंने सभी कर्मचारियों से तुरंत अपनी ड्यूटी पर लौटने की अपील की. सचिन अहीर ने कहा कि सरकार के साथ बेहद सकारात्मक माहौल में चर्चा हुई है और कर्मचारियों को काम पर लौट आना चाहिए ताकि मुंबई में सेवाएं जल्द से जल्द सामान्य हो सकें. उन्होंने बताया कि बची हुई अन्य मांगों पर अगले 15 दिनों के भीतर बातचीत जारी रहेगी.
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि सरकार बेस्ट उपक्रम को आर्थिक रूप से मजबूत करने और श्रमिक कल्याण के लिए लगातार प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि अगले तीन सालों में बेस्ट के बेड़े में 5,000 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने की योजना है.
तीन दिनों तक बेपटरी रही मुंबई की रफ्तार
इस तीन दिवसीय हड़ताल के कारण मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली बेस्ट बस सेवा पूरी तरह ठप हो गई थी. हड़ताल के दौरान करीब 22,000 कर्मचारियों के शामिल होने से 2,700 से अधिक बसों के पहिये थम गए थे. इस वजह से रोजाना सफर करने वाले करीब 25 लाख यात्रियों, विशेषकर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
इस दौरान रेलवे स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों और ऑटो-टैक्सी स्टैंड्स पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी. हालांकि, रविवार को नीट (NEET) परीक्षा के छात्रों की सुविधा के लिए राज्य परिवहन (MSRTC) की कुछ बसें चलाई गई थीं, लेकिन आम जनता के लिए सफर बेहद मुश्किल बना हुआ था. अब बसों के दोबारा शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है.