Bengaluru Triple Murder: बेंगलुरु में दिल दहला देने वाला तिहरा हत्याकांड, बड़ी बेटी और लिव-इन पार्टनर ने माता-पिता और छोटी बहन को उतारा मौत के घाट
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के सीगेहल्ली इलाके में एक खौफनाक तिहरा हत्याकांड सामने आया है. यहां एक 55 वर्षीय व्यक्ति, उनकी पत्नी और उनकी 20 वर्षीय छोटी बेटी की चाकू गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. पुलिस को संदेह है कि वारदात को उनकी बड़ी बेटी और उसके लिव-इन पार्टनर ने अंजाम दिया है.
बेंगुलुरु: कर्नाटक (Karnataka) की राजधानी बेंगलुरु (Bengaluru) के पूर्वी इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाला तिहरा हत्याकांड (Triple Murder) सामने आया है. यहां के सीगेहल्ली इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट में सोमवार, 22 जून 2026 की देर रात एक ही परिवार के तीन सदस्यों की चाकू और धारदार हथियार से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतकों में परिवार के मुखिया, उनकी पत्नी और उनकी छोटी बेटी शामिल हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में इस जघन्य वारदात के पीछे दंपती की बड़ी बेटी और उसके लिव-इन पार्टनर (Boyfriend) पर शक जताया गया है, जो घटना के बाद से ही फरार हैं. यह भी पढ़ें: Triple Murder in Guna: मध्य प्रदेश के गुना में सनसनीखेज वारदात, एक महिला समेत तीन लोगों की हत्या, शव बरामद
साईं ग्रीन अपार्टमेंट में मिले तीन शव
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 55 वर्षीय सोमसुंदर, उनकी 48 वर्षीय पत्नी मुथुलक्ष्मी और उनकी 20 वर्षीय छोटी बेटी सुप्रिया के रूप में हुई है. इन तीनों के शव सीगेहल्ली के धमनिका लेआउट में स्थित 'साईं ग्रीन अपार्टमेंट' (Sai Green Apartment) के एक फ्लैट से बरामद किए गए.
यह फ्लैट सोमसुंदर की बड़ी बेटी श्वेता और उसके बॉयफ्रेंड केनेथ ने करीब डेढ़ महीने पहले किराए पर लिया था, जहां वे दोनों लिव-इन रिलेशनशिप (Live-in Relationship) में रह रहे थे. वारदात की सूचना तब मिली जब पड़ोसियों को फ्लैट से कुछ असामान्य हलचल और चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया.
प्रेम संबंध और लिव-इन का विरोध बनी वजह
के.आर. पुरम थाना पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, सोमसुंदर और उनका परिवार श्वेता और केनेथ के इस प्रेम संबंध और बिना शादी के साथ रहने (लिव-इन) के फैसले के सख्त खिलाफ था. इस मुद्दे को लेकर परिवार में पिछले काफी समय से लगातार विवाद चल रहा था.
सोमवार शाम करीब 7 बजे सोमसुंदर, अपनी पत्नी मुथुलक्ष्मी और छोटी बेटी सुप्रिया के साथ बड़ी बेटी को समझाने और उससे बात करने के लिए उसके फ्लैट पर पहुंचे थे. पुलिस को अंदेशा है कि बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई. यह बहस इतनी बढ़ गई कि श्वेता और केनेथ ने तैश में आकर तीनों पर चाकू और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद दोनों आरोपी फ्लैट का दरवाजा बंद कर वहां से भाग निकले.
आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए बेंगलुरु ईस्ट डिवीजन के पुलिस उपायुक्त (DCP) सईदुलु अदावथ और के.आर. पुरम पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारियों ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.
पुलिस उपायुक्त सईदुलु अदावथ ने मीडिया को बताया, "प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि माता-पिता द्वारा बेटी के प्रेम संबंध और लिव-इन पार्टनर का विरोध करने पर हुए झगड़े के बाद यह हत्या की गई है. आरोपियों के खिलाफ हत्या (Murder) और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. वास्तविक तथ्यों का खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा.