देश

Bandra West Building Fire: मुंबई के बांद्रा वेस्ट की अटलांटिक बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, दो दमकलकर्मी अस्पताल में भर्ती; VIDEO

मुंबई के बांद्रा वेस्ट स्थित अटलांटिक बिल्डिंग में भीषण आग लगने से एक 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि राहत कार्य के दौरान दो दमकलकर्मी धुएं के कारण झुलस गए.

Bandra West Building Fire: मुंबई के बांद्रा वेस्ट की अटलांटिक बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, दो दमकलकर्मी अस्पताल में भर्ती; VIDEO
(Photo Credits File)

Bandra West Building Fire: मुंबई के बांद्रा वेस्ट इलाके में बुधवार देर रात एक सात मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई. इस हादसे में 73 वर्षीय (नगर निगम रिकॉर्ड के अनुसार 64 वर्षीय) बुजुर्ग अजीम बारोदावाला की मौत हो गई, जबकि बचाव कार्य के दौरान धुएं के कारण दम घुटने से दो दमकलकर्मी बीमार हो गए. दोनों दमकलर्मियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है.

सातवीं मंजिल पर भड़की आग

मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शेरली राजन रोड पर स्थित 'अटलांटिक बिल्डिंग' में हुई. रात करीब 9:12 बजे इस सात मंजिला इमारत की सातवीं मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 701 और 702 में अचानक आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि फ्लैट के अंदर मौजूद बिजली के तार, उपकरण और घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गए. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में आग की लपटें खिड़की से बाहर 10-12 फीट ऊपर उठती हुई दिखाई दे रही हैं.  यह भी पढ़े: Ethiopian Airlines: मुंबई एयरपोर्ट पर इथोपियन एयरलाइंस के विमान में लगी आग, पार्सल लोडिंग के समय भड़की चिंगारी; बाल-बाल बचे सैकड़ो यात्री

अटलांटिक बिल्डिंग में लगी भीषण आग

रेस्क्यू ऑपरेशन और राहत कार्य

घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम, स्थानीय पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा, अडाणी इलेक्ट्रिसिटी के कर्मचारी और बीएमसी (BMC) वार्ड अधिकारी मौके पर पहुंचे. रात करीब 9:55 बजे दमकल विभाग ने इसे 'लेवल-1' की मामूली आग घोषित किया और कड़ी मशक्कत के बाद रात 11:50 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.

हताहतों का विवरण

बांद्रा के भाभा अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि इस हादसे में तीन लोग प्रभावित हुए थे. अजीम बारोदावाला को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया. वहीं, आग बुझाने के दौरान धुएं की चपेट में आने से दो फायरमैन शिवशंकर भरत पुरी (32) और नवनाथ मोहन बाइट (34) की तबीयत बिगड़ गई. दोनों का इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं.

जांच में जुटे अधिकारी

दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या इसके पीछे कोई और वजह थी. मामले की विस्तृत जांच जारी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 18, 2026 04:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).