Bahraich Shocker: यूपी के बहराइच में होली से पहले खूनी खेल, जमीन विवाद में बेटे ने माता-पिता समेत 4 लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या; VIDEO

बहराइच जिले में संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. आरोपी निरंकार वर्मा ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने माता-पिता, बहन और दादी की बेरहमी से हत्या कर दी. इस हमले में उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

Bharaīch Shocker: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रामगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत बसंतपुर रुदल गांव (रामनगर मजरे) में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. संपत्ति और पैसों के विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही परिवार के चार सदस्यों को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया. आरोपी ने करीब 30 मिनट तक तांडव मचाया, जिसमें उसके माता-पिता, बहन और दादी की जान चली गई. बीच-बचाव करने आए बड़े भाई पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

जमीन और जेवरात की बिक्री बनी विवाद की जड़

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी निरंकार वर्मा (40) अपने पिता बदलू राम (60) से पैतृक संपत्ति में हिस्से की मांग कर रहा था. बताया जा रहा है कि पिता ने कुछ समय पहले जमीन का एक हिस्सा और कुछ जेवरात बेचे थे. निरंकार को इस बिक्री से मिलने वाली रकम में अपना हिस्सा नहीं मिला था, जिससे वह काफी समय से नाराज चल रहा था. रविवार रात इसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते सामूहिक नरसंहार में बदल गई.

 बहराइच में होली से पहले खूनी खेल

कुल्हाड़ी से किया ताबड़तोड़ हमला

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर निरंकार ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली. उसने सबसे पहले अपने पिता बदलू राम पर हमला किया. जब उसकी मां संजू देवी (56), बहन पार्वती (42) और दादी शीतला देवी (80) उन्हें बचाने आईं, तो आरोपी ने उन पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया. चारों की मौके पर ही मौत हो गई. शोर सुनकर पहुंचे बड़े भाई गुरुदेव वर्मा को भी आरोपी ने लहूलुहान कर दिया, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

आरोपी गिरफ्तार, गांव में तनाव का माहौल

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. पुलिस ने मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद कर ली है. सामूहिक हत्याकांड की इस घटना से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और होली के त्योहार से ठीक पहले हुए इस नरसंहार ने सबको झकझोर कर रख दिया है.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने बताया कि चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घायल भाई के बयान के आधार पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है. पुलिस इस मामले में अन्य पहलुओं, जैसे आरोपी की मानसिक स्थिति और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच के संबंधों की भी गहनता से जांच कर रही है. एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

Share Now

\