Badaun Shocking News: यूपी के बदायूं में दुखद हादसा, प्राथमिक विद्यालय के पास पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मासूम की मौत
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक दुखद हादसा सामने आया है. मुजरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुरसान में बारिश के पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूबने से रोहित नाम के मासूम बच्चे की मौत हो गई. यह गड्ढा गांव के प्राथमिक विद्यालय के ठीक पीछे खोदा गया था
Badaun Shocking News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक दुखद हादसा सामने आया है. मुजरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुरसान में बारिश के पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूबने से रोहित नाम के मासूम बच्चे की मौत हो गई. यह गड्ढा गांव के प्राथमिक विद्यालय के ठीक पीछे खोदा गया था. हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
जिला पंचायत के निर्माण कार्य के लिए खोदा गया था गड्ढा
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह गड्ढा जिला पंचायत के तहत कराए जा रहे किसी विकास कार्य के लिए खोदा गया था. हाल ही में हुई बारिश के कारण गड्ढे में भारी मात्रा में पानी भर गया था. विद्यालय के पास स्थित होने के बावजूद इसे खुला छोड़ दिया गया था, जिससे खेल-खेल में मासूम रोहित उसमें गिर गया और डूबने से उसकी जान चली गई.
ग्रामीणों ने ठेकेदार पर लगाया गंभीर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. गांव वालों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था और ठेकेदार की घोर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है. गड्ढा खोदने के बाद न तो उसे ढका गया और न ही उसके आसपास कोई सुरक्षा घेरा या चेतावनी बोर्ड लगाया गया था. ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है.