राजस्थान में एक सितंबर से लागू होगी आयुष्मान भारत योजना, सीएम अशोक गहलोत की अध्यक्षता में लिया गया फैसला
राजस्थान में आयुष्मान भारत योजना अगले महीने एक सितम्बर से लागू होगी. राज्य की भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के साथ एकीकरण के बाद अब योजना का नाम ‘आयुष्मान भारत-महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना' होगा
जयपुर: राजस्थान में आयुष्मान भारत योजना अगले महीने एक सितम्बर से लागू होगी. राज्य की भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के साथ एकीकरण के बाद अब योजना का नाम ‘आयुष्मान भारत-महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना' होगा. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में बुधवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के लागू होने से प्रदेश में स्वास्थ्य बीमा योजना के लाभार्थियों की संख्या बढ़ जाएगी साथ ही उन्हें और अधिक बीमारियों के इलाज की सुविधा मिल सकेगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को ‘स्वास्थ्य का अधिकार’ देने के लिए प्रतिबद्ध है और आयुष्मान भारत के साथ राज्य की स्वास्थ्य बीमा योजना का एकीकरण इसी दिशा में उठाया गया कदम है.
बयान के अनुसार, गहलोत ने कहा कि नई योजना के बाद प्रदेश में लाभार्थी परिवारों की संख्या वर्तमान में संचालित भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के लगभग एक करोड़ परिवारों से बढ़कर एक करोड़ 10 लाख से अधिक हो जाएगी. यह भी पढ़े: प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना: अस्पताल में भर्ती होनेवालों की संख्या 3 महीने में हुई दोगुनी, नैशनल हेल्थ एजेंसी ने जारी किए आंकड़े
उन्होंने कहा कि भामाशाह योजना में कई गड़बड़ियों की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिनको दूर करने के लिए नई योजना में समुचित व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए आईटी के बेहतर उपयोग के साथ-साथ, संबंधित अस्पतालों और बीमा कम्पनी के कर्मियों सहित दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही के प्रावधान प्रस्तावित किए जाएंगे.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 28, 2019 11:33 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

