Ashok Kharat Sex Scandal: अशोक खरात मामले में 5 सबसे खौफनाक खुलासे, गर्भवती महिला को भी शिकार बनाने का आरोप

नासिक के स्वयंभू ज्योतिषी अशोक खरात उर्फ 'कैप्टन' की गिरफ्तारी के बाद यौन शोषण और अघोरी प्रथाओं के डरावने खुलासे हुए हैं. एसआईटी (SIT) की जांच में गर्भवती महिला से दुष्कर्म और जबरन गर्भपात जैसे 5 रोंगटे खड़े कर देने वाले मामले सामने आए हैं.

(Photo Credits Twitter

Ashok Kharat Sex Scandal:  महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार स्वघोषित ज्योतिषी और अंकशास्त्री अशोक कुमार खरात, जिसे 'कैप्टन' के नाम से जाना जाता है, के खिलाफ जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मानवता को शर्मसार करने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं. पुलिस ने आरोपी के पास से 58 आपत्तिजनक वीडियो बरामद किए हैं. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में पुष्टि की है कि खरात के खिलाफ अब तक 8 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं. आईपीएस अधिकारी तेजस्वी सातपुते के नेतृत्व वाली एसआईटी (SIT) इस हाई-प्रोफाइल मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है.

1. गर्भवती महिला के साथ घिनौना कृत्य

एक कर्मचारी की शिकायत के अनुसार, खरात ने उसकी सात महीने की गर्भवती पत्नी को अपनी आध्यात्मिक शक्तियों के जाल में फंसाया. 'स्वस्थ संतान' के लिए विशेष अनुष्ठान करने के बहाने खरात ने नवंबर 2023 से दिसंबर 2025 के बीच महिला का बार-बार यौन शोषण किया. पति ने सच्चाई जानने के लिए खरात के केबिन में गुप्त कैमरा लगाया था, जिससे इस घिनौनी करतूत का पर्दाफाश हुआ. यह भी पढ़े:  Ashok Kharat और सोहम नाइक के वायरल वीडियो, आखिर क्यों हो रही है इनकी तुलना एपस्टीन फाइल्स से?

2. नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म और जबरन गर्भपात

एक अन्य पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जब वह वैवाहिक समस्याओं के समाधान के लिए खरात के पास गई, तो उसे "अभिमंत्रित जल" के नाम पर नशीला पदार्थ पिलाया गया. बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया. जब महिला गर्भवती हो गई, तो खरात ने कथित तौर पर उसे गर्भपात की गोलियां खाने के लिए मजबूर किया और सच्चाई छिपाने के लिए डराया-धमकाया.

3. 'अघोरी' अनुष्ठान और सम्मोहन का जाल

पुलिस जांच में सामने आया है कि खरात अपने ऑफिस और फार्महाउस में नकली सांपों, बाघ की खाल जैसे प्रॉप्स और डरावने अनुष्ठानों का उपयोग करता था. वह महिलाओं को यह विश्वास दिलाता था कि उनके परिवार पर कोई भारी संकट है और केवल वही उन्हें बचा सकता है. इस मानसिक दबाव का लाभ उठाकर वह महिलाओं का शारीरिक और आर्थिक शोषण करता था.

4. 'पति की मौत' की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग

पीड़िताओं ने बताया कि खरात उन्हें यह कहकर डराता था कि यदि उन्होंने उसकी बात नहीं मानी, तो उनके पति की अकाल मृत्यु हो जाएगी. एक विवाहित महिला को 2022 से 2025 तक केवल इसी डर के आधार पर प्रताड़ित किया गया. आरोपी ने महिलाओं के अश्लील वीडियो भी बनाए थे, जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर वह उन्हें चुप रखता था.

5. करोड़ों की बेहिसाब संपत्ति और रसूख

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि मर्चेंट नेवी का यह पूर्व अधिकारी पिछले 15 वर्षों में 200 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का मालिक बन गया. नासिक और सिन्नर में उसके पास आलीशान बंगले, फार्महाउस और कीमती जमीनें हैं. उसके संपर्क कई बड़े राजनेताओं और मशहूर हस्तियों से थे, जिसका इस्तेमाल वह अपना रसूख बढ़ाने के लिए करता था.

कानूनी कार्रवाई और बैकग्राउंड

अशोक खरात पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 (दुष्कर्म) और 74 के साथ-साथ 'महाराष्ट्र नरबलि और अन्य अमानवीय, अनिष्टकारी व अघोरी प्रथाओं और काला जादू रोकथाम अधिनियम, 2013' के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस को उसके ठिकाने से एक पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी मिले हैं. प्रशासन ने अन्य पीड़ितों से भी आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है.

Share Now

\