अरविंद केजरीवाल जेल में हैं स्वस्थ! AIIMS के 5 डॉक्टरों ने किया हेल्थ रिव्यू, इंसुलिन के लिए दी ये सलाह
पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दो यूनिट इंसुलिन लेना जारी रखने की सलाह दी है. केजरीवाल पूरी तरह से स्वस्थ हैं और उनकी निर्धारित दवाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
दिल्ली की एक अदालत के निर्देश पर गठित पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दो यूनिट इंसुलिन लेना जारी रखने की सलाह दी है. तिहाड़ के एक सूत्र ने आज तक को इस बारे में जानकारी दी और कहा कि अरविंद केजरीवाल पूरी तरह से स्वस्थ हैं और उनकी निर्धारित दवाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है. दिल्ली की एक अदालत के आदेश पर, दिल्ली एम्स के पांच डॉक्टरों की एक टीम ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए उनके स्वास्थ्य की समीक्षा की.
वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई समीक्षा
लगभग आधे घंटे तक चली वीडियो कॉन्फ्रेंस में मेडिकल बोर्ड के सदस्यों के अलावा तिहाड़ जेल के दो डॉक्टरों ने भी हिस्सा लिया. एक हफ्ते बाद फिर से केजरीवाल के स्वास्थ्य की समीक्षा की जाएगी. सूत्र के मुताबिक, मेडिकल बोर्ड ने अरविंद केजरीवाल को वही दवाएं जारी रखने को कहा जो वह पहले से ले रहे थे. इस हफ्ते की शुरुआत में, AAP सुप्रीमो को तिहाड़ जेल में इंसुलिन की पहली खुराक दी गई थी, जब अरविंद केजरीवाल का शुगर लेवल 320 तक पहुँच गया था.
कोर्ट ने दी थी मेडिकल बोर्ड गठित करने की अनुमति
पिछले हफ्ते, दिल्ली की एक अदालत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने डॉक्टर से रोजाना परामर्श करने की मांग वाली अरविंद केजरीवाल की याचिका खारिज कर दी थी. हालांकि, अदालत ने तिहाड़ जेल अधिकारियों को एम्स के डॉक्टरों को शामिल करते हुए एक मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश दिया था, ताकि यह तय किया जा सके कि टाइप 2 डायबिटीज से पीड़ित AAP सुप्रीमो को इंसुलिन की जरूरत है या नहीं.
घर का खाना खाने की इजाजत, लेकिन डाइट चार्ट का पालन जरूरी
अदालत ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को घर का खाना खाने की इजाजत दी थी, लेकिन कहा था कि अरविंद केजरीवाल के डॉक्टर द्वारा दिए गए डाइट चार्ट का सख्ती से पालन करना होगा. ED ने आरोप लगाया था कि केजरीवाल मेडिकल बेल के आधार पर जेल से बाहर निकलने के लिए अपना शुगर लेवल बढ़ाना चाहते थे और इसके लिए वह जानबूझकर आम, आलू पूरी और मिठाई खा रहे थे, जिनमें कोलेस्ट्रॉल की मात्रा अधिक होती है. AAP ने दिल्ली के सीएम को इंसुलिन और अन्य डायबिटीज की दवाएं न देकर जेल में मारने की साजिश का आरोप लगाया था.
ED ने 21 मार्च को किया था गिरफ्तार
केजरीवाल को ED ने 21 मार्च को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था. वह 1 अप्रैल से न्यायिक हिरासत में हैं और तिहाड़ जेल नंबर 2 में बंद हैं. हाल ही में अदालत ने उनकी न्यायिक हिरासत 7 मई तक बढ़ा दी थी. केजरीवाल के अलावा उनके डिप्टी मनीष सिसोदिया भी दिल्ली शराब घोटाला मामले में आरोपी हैं और PMLA के तहत करीब डेढ़ साल से तिहाड़ जेल में बंद हैं. इसी मामले में तेलंगाना के पूर्व सीएम केसीआर की बेटी के. कविता भी तिहाड़ में बंद हैं. अदालत ने उनकी भी न्यायिक हिरासत 7 मई तक बढ़ा दी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 27, 2024 03:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

