J&K: अनंतनाग में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना के कर्नल, मेजर और DSP शहीद
जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकेरनाग इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना के एक कर्नल सहित सुरक्षा बल के तीन अधिकारी शहीद हो गये.
श्रीनगर: जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकेरनाग इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना के एक कर्नल सहित सुरक्षा बल के तीन अधिकारी शहीद हो गये. अधिकारियों ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष, जम्मू कश्मीर पुलिस के DSP हुमायूं भट गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में उनकी मृत्यु हो गई. उन्होंने बताया कि भट की मृत्यु अत्यधिक खून बह जाने के कारण हुई. J&K: सीमा पार से लगातार आतंकी भेज रहा पाकिस्तान, अब नेपाल और पंजाब के रास्ते घुस रहे दहशतगर्द.
सेना के 15 कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक दिलबाग सिंह समेत कई अधिकारी ऑपरेशन की निगरानी और शहीदों के पार्थिव शरीर को लाने और घायल जवानों के रेस्क्यू के लिए मुठभेड़ की जगह पर पहुंचे हैं.
अधिकारियों ने बताया कि गाडोले इलाके में आतंकियों के खिलाफ अभियान मंगलवार शाम को शुरू हुआ था, लेकिन रात में इसे रोक दिया गया था. अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह आतंकवादियों की तलाश फिर शुरू की गई जब सूचना मिली कि उन्हें एक ठिकाने पर देखा गया है.
सेना के कर्नल अपने दल का नेतृत्व कर थे, जिसने आतंकियों पर हमला बोल दिया. हालांकि, आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी की जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
पिछले 24 घंटे में जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के साथ सुरक्षा बलों की ये दूसरी मुठभेड़ है. इससे पहले राजौरी जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान कार्रवाई में सेना के एक जवान शहीद हो गए. जबकि 3 जवान जख्मी हुए थे. इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को भी मार गिराया. राजौरी में अभी ऑपरेशन चल रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 13, 2023 07:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

