झारखंड में अवैध संबंध के विवाद में एक और मॉब लिंचिंग, बोकारो के धवैया में शख्स की पीट-पीटकर हत्या
झारखंड में एक हफ्ते के भीतर मॉब लिंचिंग की दूसरी वारदात सामने आई है. बोकारो जिले के महुआटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत धवैया गांव में भीड़ ने गुरुवार रात 45 वर्षीय इमरान अंसारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. वारदात के पीछे अवैध संबंध का विवाद बताया जा रहा है.
रांची, 7 अक्टूबर : झारखंड में एक हफ्ते के भीतर मॉब लिंचिंग की दूसरी वारदात सामने आई है. बोकारो जिले के महुआटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत धवैया गांव में भीड़ ने गुरुवार रात 45 वर्षीय इमरान अंसारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. वारदात के पीछे अवैध संबंध का विवाद बताया जा रहा है. वारदात के बाद धवैया और आस-पास के गांवों में भारी तनाव है. इसे देखते हुए गांव में रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) के साथ-साथ बड़ी तादाद में पुलिस बल की तैनाती की गई है. बेरमो के एसडीएम अनंत कुमार और एसडीपीओ सतीशचंद्र झा सहित कई अफसर भी गांव में कैंप कर रहे हैं. धवैया में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा भी लागू कर दी गई है.
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है. बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात दुर्गा पूजा के विसर्जन जुलूस में शामिल एक समूह ने इमरान अंसारी नामक शख्स पर हमला कर दिया. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तत्काल इलाज के लिए रांची रिम्स भेजा लेकिन उसकी मौत हो गई. इस खबर के गांव में फैलते ही तनाव की स्थिति बन गई. घटना के पीछे की वजहों के बारे में पूछे जाने पर एसडीपीओ सतीश चंद्र झा ने बताया कि फिलहाल कुछ कहा नहीं जा सकता. मृतक के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर जांच चल रही है. इधर ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक इमरान अंसारी का गांव की एक विवाहित महिला के साथ अवैध संबंध था. इसे लेकर पैदा हुए विवाद की वजह से उसकी हत्या की गई. यह भी बताया जा रहा है कि इस वारदात को अंजाम देने के पहले ग्रामीणों के एक समूह ने बैठक भी की थी. यह भी पढ़ें : UP: चार दिन से लापता किशोर का शव फांसी से लटका मिला
बता दें कि झारखंड में पिछले एक हफ्ते के दौरान मॉबलिंचिंग की यह दूसरी वारदात है. इसके पहले बीते सोमवार को गुमला जिला अंतर्गत जारी थाना क्षेत्र के डूमरटोली बस्ती के पास भीड़ ने बकरी चोरी के आरोप में 22 वर्षीय एजाज खान की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. इस वारदात में पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के नीमगांव के कई लोग आरोपी बनाये गये हैं. भीड़ के इस हमले में एजाज का दूसरा साथी किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा था.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 07, 2022 03:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

