देश

Milk Price Hike: अमूल, मदर डेयरी के बाद इस इस कंपनी के भी बढ़ाए दूध के दाम, अब इतने रुपये लीटर बिक रहा

दूध आपूर्ति करने वाली प्रमुख कंपनियों ने आम आदमी को दिवाली से पहले महंगाई का बड़ा झटका दिया है. दूध के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है. अमूल और मदर डेयरी ने लागत बढ़ने का हवाला देते हुए शनिवार को दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए.

Milk Price Hike: अमूल, मदर डेयरी के बाद इस इस कंपनी के भी बढ़ाए दूध के दाम, अब इतने रुपये लीटर बिक रहा
अमूल दूध (Photo Credit : Twitter)

नई दिल्ली: दूध आपूर्ति करने वाली प्रमुख कंपनियों ने आम आदमी को दिवाली से पहले महंगाई का बड़ा झटका दिया है. दूध के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है. अमूल और मदर डेयरी ने लागत बढ़ने का हवाला देते हुए शनिवार को दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए. इसके अलावा पंजाब के भी शीर्ष दुग्ध विक्रेता मिल्कफेड ने दाम बढ़ाने की घोषणा की. 

अमूल ब्रांड के तहत दुग्ध उत्पादों की बिक्री करने वाली जीसीएमएमएफ ने अमूल गोल्ड और भैंस के दूध की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने की घोषणा की. यह मूल्य वृद्धि गुजरात को छोड़कर देश के सभी बाजारों में की गई है.

गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) के प्रबंध निदेशक आर एस सोढी ने कहा कि अमूल गोल्ड और भैंस के दूध में प्रति लीटर दो रुपये की वृद्धि की गई है. अब फुल क्रीम दूध की कीमत 61 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर अब 63 रुपये प्रति लीटर हो गई है. इससे पहले अमूल ने अगस्त के महीने में दूध की कीमतों में इजाफा किया था.

मदर डेयरी का दूध भी महंगा 

मदर डेयरी ने फुल क्रीम दूध और गाय के दूध की कीमत में प्रति लीटर दो रुपये की बढ़ोतरी की है. नई दरें दिल्ली-एनसीआर में रविवार, 16 अक्टूबर से लागू हो गई हैं. कंपनी ने बताया कि मूल्य वृद्धि लागत बढ़ने की वजह से की गई है.

फुल क्रीम दूध के दाम 61 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 63 रुपये कर दिए गए हैं जबकि गाय का दूध अब 53 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 55 रुपये प्रति लीटर हो गया है. दामों में वृद्धि दिल्ली-एनसीआर तथा उत्तर भारत के कुछ अन्य बाजारों में की गई है.

मदर डेयरी के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘कच्चे दूध के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लागत में कई गुना बढ़ोतरी होने की वजह से बीते दो महीने में इनमें तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है.’’ कंपनी ने कहा कि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बरसात कम होने और चारे के दाम बढ़ने से हालात बिगड़ गए हैं इसलिए दूध के दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं.

मदर डेयरी ने इस साल दूध के दाम तीसरी बार बढ़ाए हैं. मार्च में दिल्ली-एनसीआर में दूध के दामों में दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी, इसके बाद अगस्त में भी इसी क्षेत्र में दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 16, 2022 08:25 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).