देश

अमृतसर ब्लास्ट केस: मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने की घोषणा, कहा-संदिग्धों की सूचना देने वाले को मिलेगा 50 लाख रुपये का इनाम

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने अमृतसर में हुए ग्रेनेड हमले के संदिग्धों के बारे में जानकारी मुहैया कराने वाले को 50 लाख रुपये का इनाम देने की सोमवार को घोषणा की......यह स्थान अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के समीप है.....

अमृतसर ब्लास्ट केस: मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने की घोषणा, कहा-संदिग्धों की सूचना देने वाले को मिलेगा 50 लाख रुपये का इनाम
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ( Photo Credit-facebook )

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने अमृतसर में हुए ग्रेनेड हमले के संदिग्धों के बारे में जानकारी मुहैया कराने वाले को 50 लाख रुपये का इनाम देने की सोमवार को घोषणा की. इस विस्फोट में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई थी. अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में कोई भी सूचना पंजाब पुलिस की हेल्पलाइन 181 पर दी जा सकती है. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री आज दिन में अमृतसर जाएंगे.

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम रविवार की रात जांचकर्ताओं और विस्फोटक विशेषज्ञों के साथ मौके पर गई थी. उन्होंने पंजाब पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के साथ भी चर्चा की. शहर के बाहरी इलाके में रविवार को बाइक सवार दो लोगों ने भीड़ पर ग्रेनेड फेंका. इस विस्फोट में एक उपदेशक सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए.

यह भी पढ़ें:  अमृतसर ब्लास्ट केस: बैकफुट पर आप नेता एच एस फुल्का, बोले- मेरी बातों का गलत मतलब निकाला गया

रविवार को हुए इस हमले को पुलिस ‘‘आतंकवादी घटना’’ मानकर जांच कर रही है. पुलिस ने बताया कि अमृतसर के राजा सांसी के समीप अदलीवाल गांव में निरंकारी भवन में निरंकारी पंथ के धार्मिक समागम के दौरान यह हमला हुआ. यह स्थान अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के समीप है.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 19, 2018 11:37 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).