देश

हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी की शीर्ष छह पदों पर जीत

हैदराबाद विश्वविद्यालय (यूओएच) में 2018-19 के छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने आठ साल बाद शीर्ष छह पदों पर जीत हासिल की है.

हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी की शीर्ष छह पदों पर जीत
हैदराबाद विश्वविद्यालय 2018-19 छात्र संघ चुनाव (Photo Credit: ANI)

हैदराबाद: हैदराबाद विश्वविद्यालय (यूओएच) में 2018-19 के छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने आठ साल बाद शीर्ष छह पदों पर जीत हासिल की है. एबीवीपी ने अदर बैकवार्ड क्लासेज फेडरेशन (ओबीसीएफ) और सेवालाल विद्यार्थी दल (एसएलवीडी) के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था. उसने पांच अक्टूबर को हुए छात्र संघ के चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव, सांस्कृतिक सचिव और खेल सचिव समेत सभी छह पदों पर जीत हासिल की. यूओएच ने शनिवार को नतीजों की घोषणा की. यूओएच को हैदराबाद केन्द्रीय विश्वविद्यालय (एचसीयू) के नाम से भी जाना जाता है.

छात्र संघ चुनाव में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), एबीवीपी-ओबीसीएफ-एसएलवीडी और आंबेडकर स्टूडेंट्स एसोसिएशन के प्रतिनिधित्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक अलायंस, बहुजन स्टूडेंट्स फ्रंट, दलित स्टूडेंट्स यूनियन और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. यूओएच की एक विज्ञप्ति के अनुसार 3,900 से अधिक छात्रों ने चुनाव में हिस्सा लिया था.

तेलंगाना एबीवीपी सदस्य सुशील ने कहा, ‘‘आठ साल के अंतराल के बाद एबीवीपी ने यूओएच में छात्र संघ चुनाव जीता है.’’ एबीवीपी-ओबीसीएफ-एसएलवीडी की ओर से पीएचडी छात्र आरती नागपाल ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर अमित कुमार जीते. धीरज संजोगी महासचिव के पद के लिये और प्रवीण कुमार संयुक्त सचिव पद के लिये चुने गये.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 07, 2018 01:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).