एयर इंडिया ने बचा हुआ खाना चुराने वाले अपने चार कर्मचारियों को निकाला
एअर इंडिया ने विमानों से भोजन और राशन सामग्री की 'चोरी' के आरोप में अपने चार कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है. राष्ट्रीय एयरलाइन के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
नई दिल्ली: एअर इंडिया ने विमानों से भोजन और राशन सामग्री की 'चोरी' के आरोप में अपने चार कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है. राष्ट्रीय एयरलाइन के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
उल्लेखनीय है कि एअर इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अश्विनी लोहानी ने अगस्त, 2017 में आंतरिक स्तर पर एक पत्र लिखकर कहा था कि ऐसा देखा गया है कि ग्राउंड स्टाफ और अधिकारी विमान के गंतव्य तक पहुंचने के बाद बचे हुए खाने और राशन सामग्री का इस्तेमाल 'अपने निजी इस्तेमाल' के लिए करते हैं.
परिपत्र में कहा गया था, ''इस तरह के कार्यों में लिप्त अधिकारियों को निलंबित कर दिया जाएगा.''
एअर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि ''अगस्त, 2017 में परिपत्र जारी किये जाने के बाद से एयरलाइन ने बचे हुए खाने एवं राशन सामग्री की चोरी करते हुए पाये गए कैटरिंग विभाग के दो कर्मचारियों एवं केबिन क्रू के दो कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है.''
अधिकारी ने बताया इस काम में लिप्त पाए जाने पर कैटरिंग विभाग के एक सहायक प्रबंधक और एक वरिष्ठ सहायक को क्रमशः 63 दिन और तीन दिन के लिए निलंबित कर दिया गया था.
अधिकारियों ने बताया कि पिछले साल मार्च में नयी दिल्ली-सिडनी मार्ग के केबिन क्रू के दो सदस्यों को चेतावनी दी गयी और घरेलू उड़ानों तक सीमित कर दिया गया.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 05, 2019 10:54 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

