देश

ICU में एयर होस्टेस के साथ यौन शोषण, आरोपी टेक्नीशियन दीपक गिरफ्तार, SIT कर रही जांच

गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में ICU में भर्ती एयर होस्टेस से यौन शोषण का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर टेक्नीशियन दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो पिछले पांच महीने से अस्पताल में कार्यरत था. पुलिस ने मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया है और अस्पताल प्रशासन ने आरोपी को निलंबित कर दिया है.

ICU में एयर होस्टेस के साथ यौन शोषण, आरोपी टेक्नीशियन दीपक गिरफ्तार, SIT कर रही जांच

गुरुग्राम, 19 अप्रैल: हरियाणा के गुरुग्राम (Gurugram) स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती 46 वर्षीय एयर होस्टेस के साथ ICU (गहन चिकित्सा इकाई) में यौन शोषण (Air Hostess Sexually Assaulted) का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर अस्पताल में कार्यरत एक टेक्नीशियन दीपक को गिरफ्तार (Technician Deepak Arrested) कर लिया गया है. गुरुग्राम पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी दी.

पुलिस के अनुसार, यह शिकायत 14 अप्रैल को दर्ज की गई थी, जो कथित घटना के लगभग एक सप्ताह बाद की गई. इस मामले में सदर थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है.

गुरुग्राम के डीसीपी अर्पित जैन ने बताया कि जैसे ही शिकायत मिली, एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया था. उन्होंने कहा, “14 अप्रैल को हमें एक निजी अस्पताल में यौन शोषण की शिकायत प्राप्त हुई थी. मामला दर्ज होने के बाद जांच के लिए SIT गठित की गई. आरोपी की पहचान दीपक के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरपुर का निवासी है और पिछले पांच महीने से अस्पताल में टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत था.”

जानकारी के अनुसार, पीड़िता गुरुग्राम में प्रोफेशनल ट्रेनिंग के सिलसिले में आई हुई थी और डूबने की एक घटना के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. घटना के वक्त वह ICU में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थी, जहां यह घिनौना कृत्य अंजाम दिया गया.

इस गंभीर मामले के बाद अस्पताल प्रशासन ने भी आरोपी कर्मचारी को तत्काल निलंबित कर दिया है. अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने एक बयान में कहा, “हमें पुलिस द्वारा सूचित किया गया है कि एक संदिग्ध की पहचान हो चुकी है और उसे हिरासत में ले लिया गया है. फिलहाल हमने उस कर्मचारी को निलंबित कर दिया है.”

उन्होंने आगे कहा, “जांच के अंतिम निष्कर्ष का हम इंतजार कर रहे हैं और पुलिस को पूर्ण सहयोग प्रदान कर रहे हैं.” पुलिस की ओर से फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित सबूतों की भी पड़ताल की जा रही है.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 19, 2025 09:12 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).