VIDEO: अहमदाबाद के मशहूर कैफे में गार्लिक ब्रेड में मिली मरी हुई मक्खी, वीडियो वायरल होने के बाद नगर निगम ने ठोका 50 हजार का जुर्माना
अहमदाबाद के पॉश इलाके सिंधु भवन रोड स्थित एक मशहूर कैफे में गार्लिक ब्रेड में मरी हुई मक्खी मिलने पर हड़कंप मच गया. ग्राहक की शिकायत और वीडियो वायरल होने के बाद अहमदाबाद नगर निगम (AMC) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कैफे पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया है.
Dead Fly Found in Garlic Bread: गुजरात के अहमदाबाद शहर में खाद्य सुरक्षा को लेकर एक बड़ी लापरवाही सामने आई है. शहर के सबसे महंगे और पॉश इलाके सिंधु भवन रोड (SBR) स्थित एक चर्चित कैफे में एक ग्राहक को परोसी गई गार्लिक ब्रेड में मरी हुई मक्खी मिली. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अहमदाबाद नगर निगम (AMC) के स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित रेस्टोरेंट पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया है.
गार्लिक ब्रेड में मक्खी देख चौंक गया ग्राहक
जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद के शाहीबाग इलाके के निवासी ध्रुविल अपने दोस्तों के साथ सिंधु भवन रोड स्थित इस कैफे में गए थे. उन्होंने वहां खाने के लिए गार्लिक ब्रेड का ऑर्डर दिया. जब ऑर्डर टेबल पर आया, तो ध्रुविल यह देखकर दंग रह गए कि ब्रेड के ऊपर ही एक मरी हुई मक्खी चिपकी हुई थी. स्वच्छता के इस गंभीर उल्लंघन को देख उन्होंने तुरंत कैफे प्रबंधन से इसकी शिकायत की. यह भी पढ़े: Lizard Found in Food: गुजरात ट्रांसपोर्ट की बस के ड्राइवर के खाने में मिली मरी हुई छिपकली, शख्स की तबियत बिगड़ी, गुजरात के तारापुर चौकड़ी का वीडियो आया सामने;VIDEO
गार्लिक ब्रेड में मिली मरी हुई मक्खी
मामले को दबाने की कोशिश और वीडियो वायरल
कस्टमर का आरोप है कि शिकायत करने पर शुरुआत में कैफे के मैनेजर ने मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की. कैफे की ओर से शिकायत के बदले ग्राहक को 'कॉम्प्लीमेंट्री पेस्ट्री' देने की पेशकश की गई ताकि मामला आगे न बढ़े. हालांकि, जागरूक ग्राहक ने लापरवाही को नजरअंदाज करने के बजाय गार्लिक ब्रेड में मौजूद मक्खी की फोटो और वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
नगर निगम की त्वरित कार्रवाई
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और शिकायत दर्ज होने के बाद अहमदाबाद नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग तुरंत हरकत में आया. अधिकारियों की एक टीम ने कैफे का निरीक्षण किया और वहां स्वच्छता मानकों की अनदेखी पाई. लापरवाही की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर ही रेस्टोरेंट पर 50,000 रुपये का आर्थिक जुर्माना लगा दिया. इसके साथ ही कैफे को भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने और किचन में साफ-सफाई के कड़े इंतजाम करने की चेतावनी दी गई है.
खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल
सिंधु भवन रोड जैसे नामी इलाके में स्थित महंगे कैफे में इस तरह की घटना ने शहर के खान-पान प्रेमियों के बीच चिंता पैदा कर दी है. अक्सर ऊंचे दाम वसूलने वाले इन बड़े रेस्टोरेंट्स में हाइजीन (स्वच्छता) को लेकर किए जाने वाले दावों पर अब सवाल उठ रहे हैं. नगर निगम ने साफ किया है कि शहर के किसी भी भोजनालय में ग्राहकों की सेहत के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और समय-समय पर ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे.