दिल्ली चुनाव में हार के बाद अरविंद केजरीवाल पंजाब के CM भगवंत मान और विधायकों से करेंगे मुलाकात
दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने के बाद अब आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के अन्य विधायकों से मुलाकात करेंगे.
नई दिल्ली, 11 फरवरी : दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने के बाद अब आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के अन्य विधायकों से मुलाकात करेंगे. यह बैठक दिल्ली विधानसभा चुनाव में 'आप' की हार और पंजाब इकाई में बढ़ते आंतरिक असंतोष को लेकर हो रही है. इस बीच, जैसे ही भगवंत मान रविवार को चौहल वन विश्राम गृह की दो दिन की यात्रा पर रवाना हुए, सरकार ने सोमवार को होने वाली अपनी कैबिनेट बैठक रद्द कर दी. यह बैठक अब गुरुवार को होगी. हालांकि, आप सांसद मालविंदर सिंह कांग ने असहमति की खबरों को नकारते हुए मंगलवार की बैठक को "नियमित रणनीति सत्र" बताया.
उन्होंने कहा, "पार्टी में यह एक निरंतर प्रक्रिया है. पार्टी की भावी रणनीतियों को तय करने के लिए सभी इकाइयों से फीडबैक लिया जाता है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, 'आप' विधायकों के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा करने के लिए अरविंद केजरीवाल से मिलेंगे." पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में दिल्ली चुनाव के परिणामों का विश्लेषण और 2027 में होने वाले पंजाब चुनाव के लिए रणनीति बनाने पर चर्चा होगी. यह भी पढ़ें : जब लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा: मैं मछली नहीं खाता, शाकाहारी हूं
एक दशक तक दिल्ली की सत्ता में रही 'आप' को 5 फरवरी के चुनावों में बड़ा झटका लगा और 70 सदस्यीय विधानसभा में केवल 22 सीटें मिलीं. 48 सीटों के साथ भाजपा ने राजधानी में 'आप' का शासन खत्म कर दिया. सूत्रों ने कहा कि केजरीवाल ने पंजाब के नेताओं के साथ बैठक करने की योजना बनाई है, क्योंकि पार्टी में यह चर्चा है कि राज्य के कुछ विधायक अन्य दलों से संपर्क कर सकते हैं. हालांकि, आप पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि मंगलवार की बैठक में चर्चा करने के लिए कुछ भी खास नहीं है.
अरोड़ा ने कहा, "यह एक सामान्य बैठक है. पार्टी प्रमुख दिल्ली चुनाव के बाद हम सभी को संबोधित करेंगे. इसके अलावा, हमें किसी से डर नहीं है. हम एकजुट हैं. ऐसी बैठकें पहले भी हो चुकी हैं. इसमें कुछ नया नहीं है, चूंकि केजरीवाल ने हमें लंबे समय से संबोधित नहीं किया है, इसलिए हम उनसे मिलने जाएंगे." आप के सूत्रों ने यह भी कहा कि मंगलवार की बैठक "दिल्ली की हार के बाद एक सामान्य बैठक" होगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 11, 2025 11:53 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

