Liquor Policy Case: CM केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची AAP, आज रात ही सुनवाई की गुजारिश
दिल्ली के कथित शराब घोटाले में ईडी ने सीएम अरविंद केजरीवाल को अरेस्ट कर लिया है. इसके बाद आम आदमी पार्टी की लीगल टीम ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. AAP ने सुप्रीम कोर्ट से आज रात ही सुनवाई की अपील की है.
नई दिल्ली: दिल्ली के कथित शराब घोटाले में ईडी ने सीएम अरविंद केजरीवाल को अरेस्ट कर लिया है. इसके बाद आम आदमी पार्टी की लीगल टीम ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. AAP ने सुप्रीम कोर्ट से आज रात ही सुनवाई की अपील की है. दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने एक्स पर किए एक पोस्ट में लिखा, "हमने ईडी द्वारा दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को रद्द करने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. हमने आज रात ही सुप्रीम कोर्ट से तत्काल सुनवाई की मांग की है." सीएम अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार, शराब घोटाले में ED का एक्शन.
गिरफ्तारी के बाद भी इस्तीफा नहीं देंगे केजरीवाल
दिल्ली विधानसभा के स्पीकर रामनिवास गोयल ने कहा की गिरफ्तारी के बाद भी अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगे. उन्होंने कहा, अरविंद केजरीवाल जेल से ही सरकार चलाएंगे. गोयल ने कहा, "यह सभी जानते हैं कि मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन कुछ पता नहीं चला. अब तक 600 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. वे चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल की आवाज को दबाना चाहते हैं.
क्या है शराब नीति घोटाला?
17 नवंबर 2021 को दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने एक्साइज पॉलिसी 2021-22 को लागू किया. नई पॉलिसी के तहत, शराब कारोबार से सरकार बाहर आ गया और पूरी दुकानें निजी हाथों में चली गईं. दिल्ली सरकार का दावा था कि नई शराब नीति से माफिया राज खत्म होगा और सरकार के रेवेन्यू में बढ़ोतरी होगी. हालांकि, ये नीति शुरू से ही विवादों में रही और जब बवाल ज्यादा बढ़ गया तो 28 जुलाई 2022 को सरकार ने इसे रद्द कर दिया.
कथित शराब घोटाले का खुलासा 8 जुलाई 2022 को दिल्ली के तत्कालीन मुख्य सचिव नरेश कुमार की रिपोर्ट से हुआ था. इस रिपोर्ट में उन्होंने मनीष सिसोदिया समेत आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए. इसके बाद सीबीआई ने 17 अगस्त 2022 को केस दर्ज किया. इसमें पैसों की हेराफेरी का आरोप भी लगा, इसलिए मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के लिए ईडी ने भी केस दर्ज कर लिया. मुख्य सचिव ने अपनी रिपोर्ट में मनीष सिसोदिया पर गलत तरीके से शराब नीति तैयार करने का आरोप लगाया था. आरोप लगाया गया कि नई नीति के जरिए लाइसेंसधारी शराब कारोबारियों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया.
दिल्ली की आबकारी नीति 2021-22 में कथित घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही ईडी सीएम केजरीवाल को अब तक नौ समन जारी कर चुकी है. गुरुवार को ईडी की टीम 10वां समन लेकर उनके घर पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 21, 2024 09:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

