देश

बिहार में शराब पीने से मौत मामले में मंत्री का अजीबो-गरीब बयान, कहा- 'आखिर सरकार कहां-कहां पुलिस लगाएगी'

बिहार के विभिन्न जिलों में एक ओर जहां कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत हो रही है, वहीं राज्य के मंत्री अजीबोगरीब बयान दे रहे हैं. बिहार के पर्यटन विभाग के मंत्री नारायण प्रसाद का कहना कि आखिर सरकार कहां-कहां पुलिस लगाएगी. उन्होंने यह भी माना कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बाद भी शराब की बिक्री हो रही है.

बिहार में शराब पीने से मौत मामले में मंत्री का अजीबो-गरीब बयान, कहा- 'आखिर सरकार कहां-कहां पुलिस लगाएगी'
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Wikimedia Commons)

बेतिया, 5 नवंबर: बिहार (Bihar) के विभिन्न जिलों में एक ओर जहां कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत हो रही है, वहीं राज्य के मंत्री अजीबोगरीब बयान दे रहे हैं. बिहार के पर्यटन विभाग के मंत्री नारायण प्रसाद (Narayan Prasad) का कहना कि आखिर सरकार कहां-कहां पुलिस लगाएगी. उन्होंने यह भी माना कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बाद भी शराब की बिक्री हो रही है. उन्होंने यह भी कहा कि जिनके घर वाले शराब पीते हैं, उनको समय से सूचना देनी चाहिए. बिहार के मुजफ्फरपुर में जहरीली शराब पीने से 2 की मौत

बिहार के नौतन क्षेत्र के विधायक और मंत्री नारायण प्रसाद अपने क्षेत्र में लोगों की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के बाद पीड़ित व्यक्तियों को देखने अस्पताल गए और लोगों से जानकारी ली. इस दौरान मंत्री से जब पत्रकारों ने पूछा कि 'आखिर सिस्टम कहां फेल है' तो मंत्री ने जवाब दिया, "आखिर सरकार कितना पुलिस रखेगी. कहां-कहां, कौन-कौन गांव, किस व्यक्ति के पास रखेंगे? वहां जो लोग शराब पीते हैं, उनके घर के लोगों को सूचना देनी चाहिए कि हमारे घर के लोग फलां जगह शराब पीते हैं और जब कार्रवाई नहीं होती, तब सरकार जिम्मेदार होती."

उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलने के बाद जिला और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे है. उन्होंने भी अस्पताल जाकर चिकित्सकों से मुलाकात की है और बेहतर इलाज का निर्देश दिया है. उन्होने भरोसा देते हुए कहा कि इस घटना की जिम्मेदारी तय हो जाए तो सरकार अवश्य कार्रवाई करेगी. मंत्री ने माना कि बिहार में शराबबंदी के बाद भी कुछ लोग चोरी छिपे शराब बनाते है और जहरीली शराब बनाते हैं, जो नुकसानदेह होता है. उल्लेखनीय है कि बिहार के मुजफ्फरपुर, गोपालगंज और पश्चिमी चंपारस जिले में पिछले एक पखवारे कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 25 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. इन घटनाओं के बाद विपक्ष सरकार पर निशाना साध रहा है.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 05, 2021 01:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).