बेंगलुरु में होटल की छत पर हैवानियत! दिल्ली की महिला के साथ 4 लोगों ने किया गैंगरेप, 3 आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों ने महिला को पुरानी जान-पहचान का झांसा देकर बुलाया और होटल की छत पर ले जाकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया. घटना के बाद आरोपी पीड़िता को वहीं छोड़कर फरार हो गए.
बेंगलुरु के कोरमंगला इलाके में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि शुक्रवार को आरोपियों ने महिला को पुरानी जान-पहचान का झांसा देकर बुलाया और होटल की छत पर ले जाकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया. घटना के बाद आरोपी पीड़िता को वहीं छोड़कर फरार हो गए.
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
कोरमंगला पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत, विश्वास और शिवू के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड के रहने वाले हैं. ये सभी आरोपी एचएसआर लेआउट स्थित एक होटल में काम करते थे. पुलिस ने बताया कि चौथा आरोपी अब भी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है.
पुलिस ने दर्ज किया सामूहिक दुष्कर्म का मामला
बेंगलुरु पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) सारा फातिमा ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें शुक्रवार सुबह करीब 7:30-8:00 बजे मिली.
पीड़िता की मेडिकल जांच और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पीड़िता दिल्ली की रहने वाली है और फिलहाल बेंगलुरु में रह रही थी. वह अपने एक दोस्त से मिलने गई थी, जब यह वारदात हुई.
बेंगलुरु में बढ़ते यौन अपराध
गौरतलब है कि बेंगलुरु में इस तरह के अपराध लगातार बढ़ रहे हैं. इस साल जनवरी में होयसला नगर इलाके में एक निर्माणाधीन साइट पर छह साल की बच्ची की यौन उत्पीड़न के बाद हत्या कर दी गई थी.
इसके अलावा, फरवरी 2024 में कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने खुलासा किया था कि बेंगलुरु में 2021 से 2023 के बीच बलात्कार के 444 मामले दर्ज किए गए. इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 22, 2025 08:37 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

