नागरिकता संशोधन बिल 2019 लोकसभा से पास, पक्ष में पड़े 311 वोट : 9 दिसंबर 2019 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE
नई दिल्ली: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने नागरिकता कानून को बदलने की तैयारी कर ली है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को लोकसभा में नागरिकता संशोधन विधेयक 2019 (Citizenship Amendment Bill) पेश करने वाले हैं. पार्टी ने इस बाबत अपने सांसदों को व्हिप जारी किया है. अगर यह बिल कानून बन जाता है तो पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में धार्मिक उत्पीड़न के कारण वहां से भागकर आए हिंदू, ईसाई, सिख, पारसी, जैन और बौद्ध धर्म को मानने वाले लोगों को CAB के तहत भारत की नागरिकता दी जाएगी.
वहीं दिल्ली के रानी झांसी रोड इलाके में अनाज मंडी इलाके में दोबारा आग लग गई है. दमकल की चार गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं जो आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि इमारत की चौथी मंजिल में आग लगी है. बता दें कि यहीं पर रविवार तड़के आग लगी थी जिसमें 43 लोगों की मौत हो गई थी. वहीं 50 से ज्यादा घायल हो गए हैं.
आज के सभी मुख्य समाचार और ब्रेकिंग न्यूज पढ़ने के लिए हमारे साथ जुड़े रहें.
कर्नाटक में आज बीएस येदियुरप्पा सरकार का भविष्य तय होना है. राज्य की 15 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे के लिए वोटों की गिनती जारी है. 5 दिसंबर को राज्य की 15 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हुई थी. हैदराबाद एनकाउंटर पर तेलंगाना हाईकोर्ट में आज सुनवाई होनी है, आरोपियों के शव सुरक्षित रखे गए हैं.