देश

UP: शादी समारोह के दौरान कुएं में गिरने से बच्चों समेत 13 की मौत, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान

कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में शादी की रस्म के दौरान कुएं में गिरने से 13 लड़कियों एवं महिलाओं की मौत हो गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है.

UP: शादी समारोह के दौरान कुएं में गिरने से बच्चों समेत 13 की मौत, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान
पीएम मोदी (Photo Credits PTI)

कुशीनगर (उत्तर प्रदेश), 17 फरवरी : कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में शादी की रस्म के दौरान कुएं में गिरने से 13 लड़कियों एवं महिलाओं की मौत हो गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है. जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने गुरुवार को बताया कि नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया टोला में बुधवार रात करीब 10 बजे परमेश्वर कुशवाहा नामक व्यक्ति के घर में शादी के लिए हल्दी की रस्म हो रही थी और कुछ महिलाएं एवं लड़कियां कुएं के ऊपर लगे जाल पर बैठकर रस्म अदा कर रही थीं.

इस दौरान वह जाल टूट गया और उस पर बैठे सभी लोग कुए में जा गिरे. अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में कुल 13 लोगों की मौत हुई है. इस हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने दुख जताया है. हादसे के बाद प्रशासन ने मृतकों के परिवार के लिए 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान किया है.

पीएम मोदी ने ट्वीट करके कहा है कि ये हादसा हृदयविदारक है. इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं.''

पीएम मोदी का ट्वीट

वहीं, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया है, ''जनपद कुशीनगर के ग्राम नौरंगिया स्कूल टोला की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई ग्रामवासियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है. मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है.''

CM योगी का ट्वीट

मृतकों में पूजा (19), शशि कला (15), शकुंतला (35), ममता देवी (35), मीरा (25), पूजा (20), परी (एक), ज्योति (15), राधिका (16), सुंदरी (15), आरती (10), पप्पी (20) और मनु (18) शामिल हैं. जिलाधिकारी ने बताया कि इस हादसे में करीब 10 अन्य लोग जख्मी भी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए की सहायता दी जाएगी. सीएम योगी ने अधिकारियों को हादसे में घायल लोगों के समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 17, 2022 08:19 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).