Priyanshi Yadav: 'मैं होती तो चुप नहीं रहती', वृंदा के किरदार पर प्रियांशी यादव का दिलचस्प खुलासा

प्रियांशी यादव ने कहा कि वह 'तू ही रे दिल में' का हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित और आभारी महसूस कर रही हैं. उन्होंने बताया कि जब उन्हें यह किरदार ऑफर हुआ, तभी उन्हें महसूस हो गया था कि यह एक बड़ी जिम्मेदारी है क्योंकि वृंदा एक बेहद अलग और अनोखा किरदार है.

प्रियांशी यादव (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Priyanshi Yadav On Playing Vrinda In Tu Hi Re Dil Mein: अभिनेत्री प्रियांशी यादव (Priyanshi Yadav) जल्द ही ज़ी टीवी (Zee TV) के नए शो 'तू ही रे दिल में' (Tu Hi Re Dil Mein) में वृंदा (Vrinda) का किरदार निभाती नजर आएंगी. शो के प्रीमियर से पहले प्रियांशी ने अपने किरदार को लेकर खुलकर बात की और बताया कि वृंदा का रोल उनके करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण किरदारों में से एक है. VIDEO: ₹370 बिरयानी विवाद पर भड़कीं पूनम पांडे, कहा- 'हमारे पीरियड्स के पैड्स इससे महंगे होते हैं'

प्रियांशी यादव ने कहा कि वह 'तू ही रे दिल में' का हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित और आभारी महसूस कर रही हैं. उन्होंने बताया कि जब उन्हें यह किरदार ऑफर हुआ, तभी उन्हें महसूस हो गया था कि यह एक बड़ी जिम्मेदारी है क्योंकि वृंदा एक बेहद अलग और अनोखा किरदार है.

'वृंदा जैसी लड़की रोज नहीं मिलती'

प्रियांशी ने कहा, "मैं 'तू ही रे दिल में' में वृंदा का किरदार निभाने को लेकर बेहद उत्साहित हूं. यह शो तीन लोगों की जिंदगी, भावनाओं और रिश्तों को बेहद खूबसूरती से दर्शाता है, जो इसे खास बनाता है. वृंदा जैसी लड़की आपको रोजमर्रा की जिंदगी में देखने को नहीं मिलेगी."

उन्होंने आगे कहा कि एक कलाकार के तौर पर वृंदा का किरदार निभाना उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा है क्योंकि यह किरदार उनकी असल जिंदगी से बिल्कुल अलग है.

'कई बार मन करता है कि वृंदा अपने लिए आवाज उठाए'

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए प्रियांशी ने बताया कि कई बार उन्हें लगता है कि वृंदा को अपने लिए बोलना चाहिए. उन्होंने कहा, "जब मैं उसकी परिस्थितियों को देखती हूं तो कई बार सोचती हूं कि वह कुछ कहती क्यों नहीं है. उसके साथ अन्याय होता है, लेकिन वह चुप रहना पसंद करती है."

अभिनेत्री ने बताया कि वृंदा का भगवान पर अटूट विश्वास है और वह मानती है कि हर चीज किसी कारण से होती है. यही सोच उसे हर मुश्किल परिस्थिति में शांत और धैर्यवान बनाए रखती है.

वृंदा की सोच को समझना आसान नहीं

प्रियांशी यादव ने कहा कि वृंदा के भावनात्मक पक्ष को समझना और उसके व्यक्तित्व के अनुरूप अभिनय करना उनके लिए आसान नहीं है. यही वजह है कि यह किरदार उन्हें अपनी अभिनय क्षमता को और बेहतर बनाने का मौका दे रहा है. उन्होंने कहा, "मैं खुद कई परिस्थितियों में वृंदा से अलग प्रतिक्रिया देती, लेकिन उसकी शांति, धैर्य और अटूट विश्वास उसे खास बनाते हैं. एक कलाकार के तौर पर यह मेरे लिए बेहद दिलचस्प अनुभव है."

दर्शकों से की शो को प्यार देने की अपील

प्रियांशी ने बताया कि पूरी टीम इस शो को खास बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक वृंदा के सफर से जुड़ेंगे और शो को भरपूर प्यार देंगे. अभिनेत्री ने कहा, "हम सभी पूरे दिल से काम कर रहे हैं और मुझे भरोसा है कि दर्शकों को हमारा यह प्रयास पसंद आएगा. मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मुझे वृंदा की कहानी को पर्दे पर जीवंत करने का मौका मिला." बता दें कि 'तू ही रे दिल में' का प्रीमियर 15 जून से होगा. यह शो हर दिन शाम 7 बजे ज़ी टीवी पर प्रसारित किया जाएगा.

Share Now