मनोरंजन

लोकप्रिय जासूसी ओटीटी 'एकेन बाबू' के निर्माता सुजान दासगुप्ता का कोलकाता में निधन, 80 वर्ष की उम्र में ली आखिरी सांस

बुधवार की सुबह उनके आवास पर काम करने वाली घरेलू सहायिका को बार-बार घंटी बजाने और दरवाजा पीटने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला. घरेलू सहायिका ने इसके बाद अपने पड़ोसियों को सूचित किया, जिन्होंने स्थानीय सर्वे पार्क पुलिस स्टेशन को सूचित किया.

लोकप्रिय जासूसी ओटीटी 'एकेन बाबू' के निर्माता सुजान दासगुप्ता का कोलकाता में निधन, 80 वर्ष की उम्र में ली आखिरी सांस
सुजान दासगुप्ता (Photo Credits: Instagram)

Eken Babu Writer Sujan Dasgupta Found Dead In His Flat: लोकप्रिय बांग्ला जासूसी ओटीटी सीरीज के पात्र 'एकेंद्र सेन' उर्फ 'एकेन बाबू' के रचयिता सुजान दासगुप्ता का बुधवार को यहां उनके आवास पर निधन हो गया. वह 80 वर्ष के थे. पुलिस के मुताबिक, उसका शव बुधवार सुबह ईस्टर्न मेट्रोपॉलिटन बाईपास से सटे एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स स्थित उसके आवास से बरामद किया गया. पुलिस सूत्रों ने बताया कि दासगुप्ता अकेले रह रहे थे, क्योंकि उनकी पत्नी शांति निकेतन घूमने गई थीं.

बुधवार की सुबह उनके आवास पर काम करने वाली घरेलू सहायिका को बार-बार घंटी बजाने और दरवाजा पीटने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला. घरेलू सहायिका ने इसके बाद अपने पड़ोसियों को सूचित किया, जिन्होंने स्थानीय सर्वे पार्क पुलिस स्टेशन को सूचित किया.

पुलिस ने आकर दरवाजा तोड़ा तो बेडरूम में सुजान दासगुप्ता मृत मिले. उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस सूत्रों ने कहा कि अधिक उम्र के कारण पूरी संभावना है कि उनकी मौत में कुछ भी अस्वाभाविक नहीं है.

एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा, "लेकिन जिन हालात में शव बरामद किया गया, उसे देखते हुए हमें नियमानुसार पोस्टमॉर्टम के लिए भेजना पड़ा." पता चला है कि पिछले 50 साल से अमेरिका में रह रहे दासगुप्ता हाल ही में अपनी पत्नी के साथ कोलकाता आए थे.

लोकप्रिय जासूसी सीरीज में 'एकेन बाबू' की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अनिर्बान चक्रवर्ती अपने किरदार के निर्माता के निधन के बारे में जानकर स्तब्ध रह गए. चक्रवर्ती ने कहा, "मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि सुजान बाबू अब नहीं रहे. मैंने उनसे कुछ दिन पहले ही फोन पर बात की थी. वह कोलकाता पुस्तक मेला में भाग लेने के लिए शहर आए थे. जल्द ही 'एकेन बाबू' सीरीज का एक नया संस्करण लॉन्च किया जाना था. उन्होंने मुझे 24 जनवरी को अपने घर आने का न्यौता भी दिया था."

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 18, 2023 07:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).