Tiger Shroff: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग, अभिनेता सुरक्षित, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश (Video)

घटना की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवन भारती से बात की और पूरे मामले की तेजी से जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. पुलिस फिलहाल हमलावरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

Tiger Shroff: मुंबई के जुहू इलाके में रविवार, 18 अक्टूबर की शाम बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर कथित तौर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी. इस घटना में टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गोली नहीं लगी. घटना के बाद मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना जुहू पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पुष्पा पार्क के पास हुई. बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ एक ग्राउंड से अपनी कार में निकल रहे थे. उसी दौरान वहां मौजूद भीड़ में से किसी ने उनकी कार पर तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.

दृश्य उस जगह को दिखाते हैं जहाँ जुहू में गोलीबारी की सूचना मिली थी

टाइगर श्रॉफ सुरक्षित, अस्पताल ले जाया गया

मुंबई पुलिस ने पुष्टि की है कि टाइगर श्रॉफ इस हमले में पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार की गोली नहीं लगी. घटना के बाद एहतियात के तौर पर अभिनेता और उनके ड्राइवर को जुहू स्थित नानावटी अस्पताल ले जाया गया. शुरुआती रिपोर्ट्स में ड्राइवर के बाएं हाथ में गोली लगने की आशंका जताई गई थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. कुछ रिपोर्ट्स में एक ऑटो रिक्शा चालक के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है. पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने जिम्मेदारी लेने का किया दावा

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले लोगों ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने की बात कही. हालांकि मुंबई पुलिस ने अभी तक इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस पोस्ट का गैंग से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं और फायरिंग के पीछे असली मकसद क्या था.

मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिए सख्त जांच के निर्देश

घटना की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवन भारती से बात की और पूरे मामले की तेजी से जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. पुलिस फिलहाल हमलावरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

Share Now