Shooting Outside Guru Randhawa’s Gym In Delhi: गुरु रंधावा के बताए जा रहे जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी; जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली पुलिस के अनुसार फिलहाल गुरु रंधावा का इस जिम से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि जिम टैगोर गार्डन निवासी एक व्यक्ति का है. पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, क्योंकि फायरिंग की जगह कैमरों की सीधी निगरानी से बाहर बताई जा रही है.
Shooting Outside Guru Randhawa’s Gym In Delhi: दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित 24 HRS फिटनेस जिम के बाहर बुधवार सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने ली है. गैंगस्टर ने ऑडियो नोट और फेसबुक पोस्ट के जरिए दावा किया है कि जिस जिम पर फायरिंग की गई, उसका संबंध मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा से है. हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस दावे की पुष्टि नहीं की है. Shaunki Sardar की शूटिंग के दौरान घायल हुए Guru Randhawa, अस्पताल से शेयर की तस्वीर (View Pic)
बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो बदमाशों ने जिम के बाहर पहुंचकर कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया. राहत की बात यह रही कि फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
पुलिस ने क्या कहा?
आउटर दिल्ली के डीसीपी के मुताबिक 11 जून की सुबह पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस को पुष्कर एन्क्लेव स्थित "24 HRS फिटनेस" जिम में फायरिंग की सूचना मिली थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे और उन्होंने जिम के शीशों पर कई राउंड फायरिंग की.
पुलिस ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है. स्थानीय पुलिस और जिला पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है.
गैंगस्टर ने क्या किया दावा?
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेश जारी कर फायरिंग की जिम्मेदारी ली है. उसने दावा किया कि यह जिम सिंगर गुरु रंधावा का है और इसी वजह से इसे निशाना बनाया गया. हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में जिम और गुरु रंधावा के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की पुष्टि नहीं हुई है.
गुरु रंधावा से कनेक्शन की पुष्टि नहीं
दिल्ली पुलिस के अनुसार फिलहाल गुरु रंधावा का इस जिम से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि जिम टैगोर गार्डन निवासी एक व्यक्ति का है. पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, क्योंकि फायरिंग की जगह कैमरों की सीधी निगरानी से बाहर बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.