Shakeel Noorani Arrested: बॉलीवुड निर्देशक शकील नूरानी पर 33 वर्षीय अभिनेत्री ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुंबई पुलिस की मालवणी टीम ने 73 वर्षीय बॉलीवुड निर्देशक और निर्माता शकील नूरानी को शारीरिक उत्पीड़न, नशीला पदार्थ देने और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है.
Shakeel Noorani Arrested: मुंबई पुलिस की मालवणी टीम ने 73 वर्षीय बॉलीवुड निर्देशक और निर्माता शकील नूरानी को शारीरिक उत्पीड़न, नशीला पदार्थ देने और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है. पीड़ित 33 वर्षीय अभिनेत्री की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नूरानी को सतारा जिले के मेढा इलाके में स्थित एक फार्महाउस से हिरासत में लिया. इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है.
2016 में हुई थी पहली मुलाकात
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, अभिनेत्री की शकील नूरानी से पहली मुलाकात साल 2016 में लोखंडवाला में आयोजित एक अवॉर्ड शो के दौरान हुई थी. पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद निर्देशक ने उन्हें एक बड़े फिल्म प्रोजेक्ट पर चर्चा के बहाने मालवणी स्थित अपने आवास पर बुलाया. आरोप के मुताबिक, वहां उन्हें पेय पदार्थ में नशीली वस्तु मिलाकर पिला दी गई, सहमति के बिना वीडियो बनाए गए और बाद में इन वीडियोज के आधार पर लगातार ब्लैकमेल और शारीरिक शोषण किया गया.
भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में केस दर्ज
मालवणी पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर नूरानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में प्राथमिक दर्ज की है. इसमें हमला करने, जहरीला या नशीला पदार्थ देने, आपराधिक धमकी और जान खतरे में डालने जैसी धाराएं शामिल हैं. जांच अधिकारियों को जैसे ही नूरानी के लोकेशन की जानकारी मिली, उन्होंने सतारा की स्थानीय पुलिस के सहयोग से दूरदराज स्थित फार्महाउस पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
90 के दशक की चर्चित फिल्मों के निर्माता हैं नूरानी
शकील नूरानी हिंदी फिल्म उद्योग में 1990 और 2000 के दशक की कई प्रमुख कमर्शियल फिल्मों के निर्देशन और निर्माण के लिए जाने जाते हैं. उनकी चर्चित परियोजनाओं में 'बड़े दिलवाला' और 'जोरू का गुलाम' जैसी फिल्में शामिल हैं. फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में रखकर मामले के तमाम पहलुओं और सबूतों की गहराई से जांच कर रही है.