राजपाल यादव परेशानियों से उभर कर नई शुरुआत के लिए तैयार, कहा- जल्द 'टाइम टू डांस' की शूटिंग करूंगा शुरू
ऋण नहीं चुकाने के एक मामले में जेल की सजा काटकर फरवरी के अंत में रिहा हुए अभिनेता राजपाल यादव (Rajpal Yadav) का कहना है कि वह अब उबर गए हैं और फिल्मों में वापसी और शूटिंग शुरू करने के लिए उत्साहित हैं....
मुंबई: ऋण नहीं चुकाने के एक मामले में जेल की सजा काटकर फरवरी के अंत में रिहा हुए अभिनेता राजपाल यादव (Rajpal Yadav) का कहना है कि वह अब उबर गए हैं और फिल्मों में वापसी और शूटिंग शुरू करने के लिए उत्साहित हैं. राजपाल ने यहां आईएएनएस से कहा, "मैं जल्द ही टाइम टू डांस (Time To Dance) फिल्म की शूटिंग (सूरज पंचौली और इसाबेल कैफ के साथ) शुरू करूंगा. फिल्म की शूटिंग विदेश में हुई है और अब बस कुछ हिस्से की शूटिंग बाकी है. हम उसे खत्म कर देंगे. यह पहले ही खत्म हो जाती, लेकिन मैं निर्माताओं और निर्देशकों का आभारी हूं जिन्होंने मेरे वापस आने का इंतजार किया."
उन्होंने कहा, "इसके अलावा मैं 'जाको राखे साइयां' को भी खत्म कर रहा हूं. डेविड धवन और प्रियदर्शन के साथ भी बात चल रही है. मैं अब फिल्म के सेट पर जाने के लिए बेसब्र हूं." दिल्ली उच्च न्यायालय ने नवंबर 2018 में अभिनेता को एक कंपनी को ऋण नहीं चुकाने के लिए तीन महीने जेल की सजा सुनाई थी. अभिनेता ने 2010 में एक फिल्म बनाने के लिए एक कंपनी से पांच करोड़ रुपये का ऋण लिया था.
यह भी पढ़ें: धोखाधड़ी मामले में सजा काट रहे राजपाल यादव अब तिहाड़ जेल में कर रहे हैं कॉमेडी
राजपाल ने कहा, "मुझे लगता है कि कानून सबके लिए बराबर है और देश के कानून से कोई नहीं बच सकता. इसलिए मैंने अदालत के आदेश का पालन किया." उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मैंने कुछ लोगों पर विश्वास किया जिन्होंने बाद में इसका गलत फायदा उठाया. लेकिन, मैं इस पर और कुछ नहीं कहना चाहता हूं. मैं बस आगे बढ़ना चाहता हूं क्योंकि मैं जानता हूं कि अभी जिंदगी से बहुत कुछ मिलेगा."
वह तिहाड़ जेल में बंद थे और खबर आई थी कि उन्होंने वहां साथी कैदियों के लिए एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति भी दी थी. उन्होंने कहा, "वहां बहुत कठिन अनुशासन था और हम सभी को उसका पालन करना होता था. मैं साथी कैदियों से बात करने की कोशिश करता था. मैं उनके साथ एक संवाद सत्र करता था जिसका नाम 'राजपाल की पाठशाला' रखा गया था." उन्होंने कहा, "मैंने प्रेरक भाषण दिए. सुबह व्यायाम करता था. वहां लाइब्रेरी थी जहां जाकर मैं बैठता था और पढ़ता था."
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 27, 2019 03:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

