किरदारों के लिए ऑडिशन देते रहना मुझे जमीन से जोड़े रखता है: कल्कि कोचलिन
कल्कि कोचलिन आगामी शो 'सेक्रेड गेम्स 2' में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, उन्हें यह किरदार ऑडिशन प्रक्रिया के माध्यम से मिला है. एक्ट्रेस ने कहा कि उन्हें अपनी अभिनय क्षमता को साबित करने के लिए ऑडिशन देने में कोई समस्या नहीं है. नेटफ्लिक्स टीवी सीरीज के ऑडिशन के लिए जब उनके पास फोन आया तो उन्हें काफी आश्चर्य हुआ.
मुंबई : नेशनल अवॉर्ड विजेता अभिनेत्री कल्कि कोचलिन (Kalki Koechlin), जो आगामी शो 'सेक्रेड गेम्स 2' (Sacred Games 2) में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, उन्हें यह किरदार ऑडिशन प्रक्रिया के माध्यम से मिला है. फिल्म उद्योग में एक सफल कैरियर बनाने के बावजूद, वह कहती हैं कि उन्हें अपनी अभिनय क्षमता को साबित करने के लिए ऑडिशन देने में कोई समस्या नहीं है.
नेटफ्लिक्स टीवी सीरीज के ऑडिशन के लिए जब उनके पास फोन आया तो उन्हें काफी आश्चर्य हुआ. उस बात को याद करते हुए कल्की ने आईएएनएस को बताया, "मैंने शो देखा था और एक महीने बाद ही मुझे शो के लिए ऑडिशन देने के लिए बुलाया गया. मैंने जब इसका पहला सीजन देखा था, तब मैंने सोचा भी नहीं था कि मैं इस शो का हिस्सा बनूंगी. जब मुझे इसके लिए कॉल आया तो मैं काफी हैरान और उत्साहित हो गई."
यह भी पढ़ें : तलाक को लेकर कल्कि कोचलिन ने खोले कई राज, इन मुश्किलों का करना पड़ा सामना
इसके साथ ही अभिनेत्री ने साझा किया कि, "एक किरदार के लिए ऑडिशन देना, मेरे लिए काफी रीफ्रेशिंग है क्योंकि निर्देशक को पता होना चाहिए कि मैं उस किरदार को निभाने में सक्षम हूं या नहीं. उन्होंने अब तक का मेरा काम देखा होगा, लेकिन अगर मुझे अतीत में निभाए गए किरदारों से कुछ अलग करने का प्रस्ताव मिलता है, तो उन्हें मेरा ऑडिशन लेना चाहिए. मुझे ऑडिशन देने में कोई समस्या नहीं है."
अभिनेत्री ने आगे कहा, "शायद मैंने बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स के लिए बहुत बार ऑडिशन नहीं दिए, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स के लिए मैं ऑडिशन देती रहती हूं और ये प्रक्रिया मुझे जमीन से जोड़े रखती है." 'सेक्रेड गेम्स 2' में वह 'बाट्या' नामक लड़की का किरदार निभा रही हैं, जिसके पिता एक यहूदी फ्रांसीसी हैं और मां एक फिलिस्तीनी हैं, जिन्होंने उसे किशोर उम्र में छोड़ दिया था.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 10, 2019 02:07 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

