बॉलीवुड

Salman Khan Paper Leak Controversy: 'गणेश' लाता था लीक पेपर; नीट छात्रों का समर्थन करने के बाद सलमान खान का पुराना वीडियो हुआ वायरल

नीट अभ्यर्थियों के समर्थन में उतरे बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में उनके पिता सलीम खान 'द कपिल शर्मा शो' में हंसते हुए यह बताते नजर आ रहे हैं कि स्कूली दिनों में सलमान लीक पेपर मंगाकर पास हुआ करते थे. वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स सलमान खान पर दोहरे रवैये का आरोप लगा रहे हैं.

Salman Khan Paper Leak Controversy: 'गणेश' लाता था लीक पेपर; नीट छात्रों का समर्थन करने के बाद सलमान खान का पुराना वीडियो हुआ वायरल
सलीम खान और सलमान खान (Photo Credits: Instagram)

नई दिल्ली: देश भर में नीट (NEET) परीक्षा में धांधली को लेकर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) द्वारा छात्रों के समर्थन में दिए गए बयान के बाद एक नया विवाद खड़ा हो गया है. सोशल मीडिया (Social Media) पर 'द कपिल शर्मा शो' (The Kapil Sharma Show) की एक पुरानी वीडियो क्लिप तेजी से वायरल (Viral Video) हो रही है.

इस वायरल वीडियो में सलमान खान के पिता व प्रसिद्ध पटकथा लेखक सलीम खान यह खुलासा करते नजर आ रहे हैं कि सलमान खान अपने स्कूल के दिनों में लीक हुए प्रश्नपत्रों (Leaked Papers) के जरिए परीक्षाएं पास किया करते थे. एक तरफ जहां सलमान शिक्षा प्रणाली में सुधार और पेपर लीक के खिलाफ बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके इस पुराने कबूलनामे के बाद यूजर्स सोशल मीडिया पर उनकी जवाबदेही पर सवाल उठा रहे हैं. यह भी पढ़ें: सलमान खान ने बेचा मुंबई के बांद्रा वाला फ्लैट: 2015 में 2.88 करोड़ में खरीदा था, अब 3.50 करोड़ रुपये में हुई डील; जानें पूरी डिटेल

सलीम खान ने 'द कपिल शर्मा शो' में क्या कहा था?

यह वायरल क्लिप 'द कपिल शर्मा शो' के एक एपिसोड की है, जहां सलीम खान अपने तीनों बेटों—सलमान, अरबाज और सोहेल के साथ पहुंचे थे. बातचीत के दौरान सलीम खान ने घर पर आने वाले 'गणेश' नाम के व्यक्ति का एक मजेदार किस्सा साझा किया था:

"हमारे घर में एक गणेश नाम का आदमी आता था।.उसे देखकर लोग कहते थे- 'गणेश आया है', 'गणेश को चाय पिलाओ', 'गणेश के लिए कुर्सी लाओ'. मैं सोचता था कि यह गणेश कौन है जिसे घर में मुझसे भी ज्यादा इज्जत मिलती है? बाद में पता चला कि जब एग्जाम का पेपर लीक होता था, तो यह उनको लाकर देता था."

सलीम खान की इस बात पर जहां दर्शक और शो के अन्य सदस्य हंसने लगे, वहीं सोहेल खान ने चुटकी ली कि घर के पोल खोले जा रहे हैं. इसी दौरान सलमान खान ने मुस्कुराते हुए स्पष्ट किया था, "नहीं, वो वाला सिर्फ मेरे लिए था," जिससे उन्होंने माना कि वह लीक पेपर का इस्तेमाल करते थे.

नीट अभ्यर्थियों के समर्थन में आए थे सलमान खान

पुराना वीडियो दोबारा सामने आने से ठीक पहले सलमान खान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर नीट-यूजी (NEET-UG) अभ्यर्थियों के समर्थन में एक विस्तृत संदेश जारी किया था. देश में जारी विरोध प्रदर्शनों और हालिया दिल्ली प्रदर्शन के दौरान हुई झड़पों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा था:

"यह आंदोलन कितना शांतिपूर्ण था, मुझे बहुत दुख है कि इसने हिंसक रूप ले लिया। मेरी संवेदनाएं उन छात्रों और उनके परिवारों के साथ हैं जो घायल हुए.पेपर लीक एक बहुत गंभीर मुद्दा है और मुझे खुशी है कि देश के बच्चे बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट हुए हैं."

सलमान खान ने अपने संदेश में यह भी अपील की थी कि इस संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए और इसका पूरा श्रेय छात्रों को मिलना चाहिए.

सलमान खान के एग्ज़ाम लीक होने पर सलीम खान का मज़ेदार खुलासा

सोशल मीडिया पर घिरे अभिनेता

सलमान खान द्वारा नीट अभ्यर्थियों का समर्थन किए जाने के तुरंत बाद नेटिजन्स ने उनके इस पुराने वीडियो को खंगाल निकाला. सोशल मीडिया यूजर्स का तर्क है कि टीवी पर हंसते हुए पेपर लीक का फायदा उठाने की बात स्वीकार करना और अब उसी मुद्दे पर गंभीर बयान देना दोहरे रवैये (Hypocrisy) को दर्शाता है.

हालांकि, सलमान के कई प्रशंसकों का कहना है कि स्कूली दिनों के एक चुटकुले और टीवी कॉमेडी शो की बात को आज के गंभीर प्रशासनिक मुद्दों और लाखों छात्रों के भविष्य से नहीं जोड़ा जाना चाहिए.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 23, 2026 11:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).