Drishyam: The Conclusion: 'नंदिनी हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी', अंतिम अध्याय से पहले भावुक हुईं श्रिया सरन; शेयर किया खास अनुभव
अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' में अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज, रजत कपूर, कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म की कहानी अभिषेक पाठक, आमिल कीयान खान और परवेज़ शेख ने लिखी है. स्टार स्टूडियोज़ और पैनोरमा स्टूडियोज़ के बैनर तले बनी यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
Drishyam: The Conclusion: 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी का बहुप्रतीक्षित अंतिम अध्याय 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' अब रिलीज़ से महज दो हफ्ते दूर है. 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म में विजय सालगांवकर का वर्षों पुराना राज आखिरकार दुनिया के सामने आने वाला है. इस बीच फिल्म में नंदिनी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री श्रिया सरन ने अपने किरदार को अलविदा कहने के अनुभव और उससे जुड़े जज़्बात साझा किए हैं.
'नंदिनी हमेशा मेरे दिल के बहुत करीब रहेगी'
श्रिया सरन ने कहा कि नंदिनी का किरदार उनके दिल के बेहद करीब रहेगा. उन्होंने बताया, "नंदिनी और विजय का रिश्ता बेहद खूबसूरत है. विजय ने कभी यह नहीं कहा कि नंदिनी ने कुछ गलत किया है. पहले पार्ट में जब नंदिनी पूछती है, 'मैंने सब ठीक किया ना', तब विजय कहता है, 'नहीं, वो हमारे पास वापस आएंगे.' इसके बाद उसने हमेशा उसका साथ दिया."
'दम घुटता है' डायलॉग में छिपा है नंदिनी का दर्द
श्रिया ने बताया कि लेखक अभिषेक पाठक ने नंदिनी के किरदार को बेहद खूबसूरती से लिखा है. उन्होंने कहा कि दूसरे भाग से लेकर तीसरे भाग तक विजय और नंदिनी एक टीम की तरह नजर आते हैं. उनके मुताबिक, "दम घुटता है" संवाद नंदिनी के भीतर के डर, दर्द, परिवार को खोने की चिंता और बच्चों के साथ रहने की उसकी इच्छा को बखूबी दर्शाता है.
सेट छोड़ते वक्त हो गई थीं भावुक
फिल्म की शूटिंग के आखिरी दिन को याद करते हुए श्रिया सरन ने कहा कि सेट छोड़ना उनके लिए बेहद भावुक पल था. उन्होंने बताया, "जब मैं आखिरी दिन सेट से जा रही थी, तो मैंने आखिरी बार डाइनिंग टेबल की तरफ देखा. हमने उस घर में और उस टेबल पर कई यादगार सीन शूट किए थे. उस वक्त लगा कि यह सब अब पीछे छूट रहा है. लेकिन वहां की यादें, सीख और खूबसूरत सफर हमेशा मेरे साथ रहेगा."
2 अक्टूबर को रिलीज होगी 'दृश्यम: द कन्क्लूजन'