ऐसे पांच बॉलीवुड कपल्स जिन्होंने ब्रेक-अप के बाद भी फिल्मों में साथ काम किया
बॉलीवुड में आए दिन जोड़ियां बनती-बिगड़ती हैं. इन ब्रेक-अप्स और लिंक-अप्स से उनके काम पर भी गहरा असर पड़ता है.
बॉलीवुड में आए दिन जोड़ियां बनती-बिगड़ती हैं. इन ब्रेक-अप्स और लिंक-अप्स से उनके काम पर भी गहरा असर पड़ता है. अगर कोई रियल लाइफ कपल किसी फिल्म में एक साथ काम करता है तो बड़े पर्दे पर भी उनकी केमिस्ट्री साफ झलकती है. निर्माता और निर्देशक भी ऐसी जोड़ियों को अपनी फिल्म में कास्ट करना पसंद करते हैं पर अगर किसी ऑन-स्क्रीन जोड़ी का कोई पुराना रिश्ता रहा है लेकिन अब वे साथ नहीं हैं तो उनके लिए साथ काम करना भी थोड़ा मुश्किल हो जाता है. बॉलीवुड के कुछ ऐसे कपल्स भी हैं जिन्होंने इस बात को गलत साबित किया और बड़े पर्दे पर हिट फिल्में देने में कामयाब रहे. आइए एक नजर डालते हैं उन कपल्स पर:-
1.रणबीर-दीपिका
जब रणबीर और दीपिका एक दूसरे को डेट कर रहे थे तब लोग इन्हें एक परफेक्ट कपल मानते थे, ऐसा लगता था मानो ये दोनों कभी जुदा ही नहीं होंगे. फिल्म 'बचना-ए-हसीनों' में इन दोनों ने साथ काम किया था और लोगों को इन दोनों के बीच का प्यार भी बड़े पर्दे पर देखने को मिला पर कुछ समय बाद दोनों के बीच अनबन की खबरें आने लगी और रणबीर का नाम कैटरीना कैफ से जोड़ा जाने लगा. ऐसा लगा कि दर्शक अब रणबीर और दीपिका को दोबारा कभी किसी फिल्म में साथ नहीं देख पाएंगे पर 2013 आई अयान मुखर्जी की फिल्म ' यह जवानी है दीवानी' में इन दोनों को फिर से साथ देखा गया और इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी खूब धमाल मचाया. साथ ही दोनों की केमिस्ट्री को भी लोगों ने काफी पसंद किया. सिर्फ ' यह जवानी है दीवानी' ही नहीं, 2015 में आई फिल्म इम्तिआज अली की फिल्म 'तमाशा' में भी इन दोनों ने एक साथ काम किया और इस फिल्म को भी दर्शकों का काफी प्यार मिला.
2. शाहिद-करीना
शाहिद और करीना की फिल्म 'जब वी मेट' दोनों के ही करियर की सबसे अच्छी फिल्मों में से एक मानी जाती है. इस दौरान ये दोनों एक दूसरे को डेट कर रहे थे पर इस फिल्म के बाद इन दोनों के ब्रेक-अप की खबरें आने लगी. 9 साल बाद ये दोनों एक बार फिर से फिल्म ' उड़ता पंजाब ' में एक साथ दिखें. हालांकि फिल्म में शाहिद और करीना का एक साथ कोई सीन नहीं था पर फिल्म के प्रमोशन के दौरान कई इवेंट्स पर दोनों को साथ देखा गया.
3.रणवीर-अनुष्का
'बैंड बाजा बारात' और 'लेडीज Vs रिक्की बहल' जैसी फिल्मों में साथ काम करने के बाद इन दोनों के अफेयर की खबरें सुर्खियों में थी पर जल्दी ही इन दोनों का ब्रेक अप भी हो गया. 2015 में आई जोया अख्तर की फिल्म ' दिल धड़कने दो ' में रणवीर और अनुष्का फिर से साथ दिखे और 4 साल बाद भी इन दोनों की केमिस्ट्री में कोई अंतर नहीं देखा गया.
4.सलमान-कैटरीना
कैटरीना हमेशा से ही सलमान की खास रही हैं. एक समय पर ऐसा भी माना जाता था कि ये दोनों रिलेशनशिप में थे पर 2009 में इस कपल के अलग होने की खबरें आने लगी पर फिर भी कैटरीना सलमान और उनके परिवार के काफी करीबी मानी जाती हैं. ब्रेक-अप के बाद भी बड़े पर्दे पर 'एक था टाइगर' और इसी फिल्म की सीक्वल ' टाइगर जिंदा है' में इन दोनों ने एक साथ काम किया. दोनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई की और इस जोड़ी को अब हिट फिल्म की गारंटी के रूप में देखा जाता है.
5.रणबीर-कैटरीना
दीपिका के बाद रणबीर कैटरीना के साथ भी रिलेशनशिप में थे पर 2016 में ऐसी खबरें आने लगी कि इन दोनों के बीच सब ठीक नहीं है. इस दौरान वे फिल्म ' जग्गा जासूस' की शूटिंग कर रहे थे पर ब्रेक-अप के बावजूद भी इन दोनों ने फिल्म पर कोई असर नहीं पड़ने दिया और इस फिल्म को पूरा किया. हालांकि बड़े पर्दे पर यह फिल्म कुछ ज्यादा कमाल नहीं दिखा पाई.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2018 01:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

