Lalit Modi on Bigg Boss 20: बिग बॉस 20 में एंट्री की खबरों पर ललित मोदी की प्रतिक्रिया, रिपोर्ट्स को बताया ‘फेक न्यूज’, भेजा लीगल नोटिस
सोशल मीडिया पर एक कड़ा बयान जारी करते हुए ललित मोदी ने इन दावों को 'फेक न्यूज' करार दिया और बिना किसी पुष्टि के खबरें छापने वाले मीडिया संस्थानों के खिलाफ कानूनी नोटिस भी जारी किया है.
Lalit Modi on Bigg Boss 20: सुपरस्टार सलमान खान द्वारा होस्ट किए जाने वाले रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के नए सीजन को लेकर चर्चाएं तेज हैं. इस बीच पूर्व आईपीएल अध्यक्ष ललित मोदी के शो में बतौर प्रतियोगी शामिल होने की खबरें सामने आ रही थीं. हालांकि, ललित मोदी ने इन सभी अटकलों और मीडिया रिपोर्ट्स को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि न तो मेकर्स ने उनसे कोई संपर्क किया है और न ही उनकी इस शो में हिस्सा लेने की कोई योजना है.
सोशल मीडिया पर एक कड़ा बयान जारी करते हुए ललित मोदी ने इन दावों को 'फेक न्यूज' करार दिया और बिना किसी पुष्टि के खबरें छापने वाले मीडिया संस्थानों के खिलाफ कानूनी नोटिस भी जारी किया है.
"मुझसे किसी ने संपर्क नहीं किया": ललित मोदी का बयान
ललित मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, "फेक न्यूज. बस बात खत्म. मुझे बिग बॉस 20 के लिए कोई अप्रोच नहीं किया गया है. मैं बिग बॉस 20 में हिस्सा नहीं ले रहा हूं और मेरी ऐसी कोई मंशा भी नहीं है."
ललित मोदी का पोस्ट
उन्होंने मीडिया रिपोर्ट्स की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए आगे लिखा, "यह बहुत हैरान करने वाला है कि कैसे किसी संबंधित व्यक्ति से पुष्टि किए बिना एक मनगढ़ंत कहानी 'खबर' बन जाती है. अगली बार छापने से पहले पड़ताल जरूर कर लें."
लीगल नोटिस में क्या कहा गया है?
ललित मोदी ने अपने वकीलों द्वारा जारी किए गए कानूनी नोटिस की कॉपी भी सार्वजनिक की है. नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि ललित मोदी को शो के निर्माताओं, ब्रॉडकास्टर्स या चैनल की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है. इसके अलावा, किसी भी व्यक्ति या एजेंसी को उनके नाम पर शो को लेकर बातचीत करने का अधिकार नहीं दिया गया है.
नोटिस में कहा गया है कि ललित मोदी के नाम, फोटो, आवाज और व्यक्तित्व पर उनका विशेषाधिकार है. बिना उनकी स्पष्ट सहमति के उनके नाम का इस्तेमाल या शो से जुड़ाव दिखाना पूरी तरह से गैर-कानूनी है. वकीलों ने सभी मीडिया प्लेटफॉर्म्स और डिजिटल पोर्टल्स से इन भ्रामक खबरों को तुरंत हटाने और भविष्य में ऐसी रिपोर्ट्स प्रसारित न करने की चेतावनी दी है.
अफवाहों के बीच बिग बॉस 20 का बज
रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के प्रीमियर से पहले हर साल कई मशहूर हस्तियों के नाम संभावित प्रतियोगियों के रूप में सामने आते हैं. इसी कड़ी में सोशल मीडिया पर ललित मोदी का नाम तेजी से वायरल हो रहा था.
हालांकि, ललित मोदी के इस सख्त रुख और कानूनी कदम के बाद इन चर्चाओं पर विराम लग गया है. मेकर्स की तरफ से अभी तक शो के आधिकारिक प्रतियोगियों की सूची जारी नहीं की गई है.