Awarapan 2: अरिजीत सिंह ने विशेश फिल्म्स के साथ की प्लेबैक सिंगिंग में वापसी, 'अवारापन 2' का टाइटल ट्रैक 'ये आवारापन' हुआ रिलीज

इमरान हाशमी स्टारर 'अवारापन 2' के नए गाने 'ये आवारापन' में अरिजीत सिंह की आवाज़, आमाल मलिक का संगीत और रश्मि विराग के बोल ने जीता फैंस का दिल.

अरिजीत सिंह (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Awarapan 2: बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक अरिजीत सिंह ने एक बार फिर विशेश फिल्म्स के साथ अपनी यादगार साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए फिल्म अवारापन 2 के टाइटल ट्रैक 'ये आवारापन' से प्लेबैक सिंगिंग में वापसी की है. यह गाना अब रिलीज हो चुका है और रिलीज होते ही सोशल मीडिया व म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से पसंद किया जा रहा है.

इससे पहले फिल्म का गाना 'वे जुनून' दर्शकों के बीच जबरदस्त हिट साबित हुआ था. इस गीत ने यूट्यूब पर 30 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल किए, यूट्यूब ट्रेंडिंग में दूसरे स्थान तक पहुंचा और स्पॉटिफाई इंडिया के टॉप 100 चार्ट में भी अपनी जगह बनाई. अब विशेश फिल्म्स और सोनी म्यूजिक इंडिया ने फिल्म का नया म्यूजिकल ट्रैक 'ये आवारापन' रिलीज कर दिया है.

इस भावनात्मक गीत को अरिजीत सिंह ने अपनी दिल छू लेने वाली आवाज़ दी है. गाने का संगीत आमाल मलिक ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल रश्मि विराग ने लिखे हैं. यह गीत प्यार, तड़प और आत्मिक मुक्ति जैसी भावनाओं को बेहद खूबसूरती से पेश करता है, जो अवारापन फ्रेंचाइजी की पहचान रही है.

गाने के वीडियो में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नजर आ रहे हैं. उनकी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और गाने की भावनात्मक प्रस्तुति दर्शकों को कहानी से जोड़ने का काम करती है. अरिजीत सिंह की आवाज़, आमाल मलिक के संगीत और रश्मि विराग के बोलों का मेल इस ट्रैक को बेहद खास बनाता है.

यह गीत विशेश भट्ट के लिए भी खास महत्व रखता है. अरिजीत सिंह का पहला हिंदी फिल्मी गीत भी विशेश फिल्म्स के बैनर तले ही आया था और अब वर्षों बाद दोनों की यह सफल साझेदारी एक बार फिर दर्शकों के सामने है. 'ये आवारापन' उसी भावनात्मक गहराई और आत्मीयता को आगे बढ़ाता है, जिसके लिए दोनों की जोड़ी जानी जाती है.

विशेश फिल्म्स और मुकेश भट्ट प्रस्तुत अवारापन 2 का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है. फिल्म की कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है, जबकि निर्माता विशेश भट्ट हैं. फिल्म में इमरान हाशमी, दिशा पाटनी, शबाना आज़मी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली, अतुल कुमार और अनिरुद्ध रावल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.

अवारापन 2 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Share Now