जसलीन मथारू ने 'बिग बॉस 13' को बताया बनावटी, शहनाज गिल को ओवर एक्टिंग के लिए लगाईं फटकार
सलमान खान के शो 'बिग बॉस सीजन 13' का आगाज हो चुका है और इसी के साथ शो में ड्रामा और नोकझोंक का सिलसिला शुरू हो चुका है. 'बिग बॉस सीजन 12' के कंटेस्टेंट रह चुकी जसलीन मथारू ने इसके मौजूदा सीजन को बनावटी बताया है.
Bigg Boss 13: सलमान खान (Salman Khan) के शो 'बिग बॉस सीजन 13' (Bigg Boss Season 13) का शानदार आगाज हो चुका है और शो की शुरुआत के साथ ही घर में कंटेस्टेंट के बीच गर्मा गर्मी भी शुरू हो चुकी है. 'बिग बॉस सीजन 12' का हिस्सा रह चुकी सिंगर जसलीन मथारू (Jasleen Matharu) ने शो के मौजूदा सीजन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
नवभारत टाइम्स से बातचीत में जसलीन ने 'बिग बॉस 13' (Bigg Boss 13) को बनावटी बताया. जसलीन ने कहा कि जिस तरह से इसके कंटेस्टेंट्स बर्ताव कर रहे हैं इससे शो का स्तर गिरता जा रहा है और दर्शक इसे पसंद नहीं कर रहे हैं.
जसलीन ने कहा, "शो में स्ट्रेटेजी प्लान करना अलग बात है लेकिन मुझे लगता है आपका बर्ताव फेक नहीं होना चाहिए. इसलिए मुझे ये बनावटी लगा. खासकर शहनाज गिल (Shehnaaz Gill), जिस तरह से वो स्टेज पर आईं, ड्रामेबाजी की और बच्चों जैसा बर्ताव किया, इस तरह से वो दर्शकों का दिल नहीं जीत सकती. मैं जानना चाहती थी कि शहनाज स्टेज पर ऐसा बर्ताव कर रही हैं या असल जिंदगी में भी ऐसी ही हैं. तो मैंने उनके इंटरव्यूज देखे और मैंने पाया कि उनका स्वभाव आम लड़कियों जैसा ही है."
शो के कंटेस्टेंट्स को लेकर बात करते हुए ने कहा, "शेफाली बग्गा (Shefali Bagga), शहनाज गिल, पारस छाबड़ा (Paras Chhabra) और असीम रियाज (Asim Riyaz), ये चारों ही मुझे बनावटी लगे. अबू मलिक (Abu Malik) को मैं सालों से जानती हूं और जैसा कि वो असल जिंदगी में हैं वैसा ही वो शो में भी नजर आए. रशमी देसाई (Rashami Desai) अच्छा परफॉर्म कर रही हैं, आरती सिंह का बर्ताव ठीक वैसा है जैसा असल जिंदगी में है, माहिरा शर्मा (Mahira Sharma) का स्टेज एक्ट भी बढ़िया था. तो ये चार लोग मुझे शो में पसंद आएंगे."
आगे बात करते हुए जसलीन ने कहा, "हमारे सीजन में कुछ लोग शो को रोडीज (Roadies) बना रहे थे और इस बार ये स्प्लिट्सविला (Splitsvilla) बन रहा है. तो जब हमें वो शोज देखना है तो हम 'बिग बॉस' (Bigg Boss) क्यों देखेंगे? शो का पैटर्न बदल रहा है और लोग इसे पसंद नहीं कर रहे हैं."
'बिग बॉस' के घर में खासकर में सिद्धार्थ शुक्ला के परफॉर्मेंस पर कमेंट करते हुए जसलीन ने कहा, "सिद्धार्थ शुक्ला (Siddharth Shukla) की बात करें तो उन्हें अभी बाहर निकलकर आने में थोड़ा समय लगेगा. अगर मैं शो में होती और मुझे भी टास्क दिया होता तो मैं भी अबू मालिक और सिद्धार्थ शुक्ला को ही चुनती. क्योंकि लोगों को भरोसा है कि वो जिम्मेदार हैं और काम को पूरा करेंगे. लेकिन इसी बीच घरवालों को ये समझना होगा कि इन सब में सिद्धार्थ पिस रहे हैं."
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 03, 2019 10:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

